हस्तनिर्मित उत्पाद हो ब्रांड के तौर पर विकसित

चंबा –  जनपद के हस्तनिर्मित उत्पादों को ब्रांड के तौर पर विकसित किया जाना चाहिए। इन उत्पादों के एक बार ब्रांड बनने से जहां चंबा की तरक्की का मार्ग खुलेगा तो वहीं आर्थिक तौर पर भी यहां के लोगों को लाभ मिलेगा। इस तरह का सुझाव गुरुवार को चंबा जनमत निर्माण अभियान के हस्ताक्षर अभियान का हिस्सा बने लोगों ने ही दिया है। गुरुवार को जनमत निर्माण अभियान में स्वयंसेवी संस्था पहल और सांस्कृतिक संकुल संस्था से जुड़े लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अभियान में शामिल लोगों नितिन प्लाह और हर्ष ने बताया कि चंबा की चंबा चप्पल, चंबा रूमाल, चंबा जरीस, शिल्प कला व धातु शिल्प सहित बहुत सारी ऐसी चीजें है, जिनकी ख्याति तो बहुत है, लेकिन कहीं न कहीं जिस तरह से इन चीजों के बारे में लोगों को अवगत करवाकर उसकी महत्ता बतानी चाहिए, उस लिहाज से इन चीजों के बारे में लोगों को जानकारी नहीं है। अगर एक बार तमाम चीजें ब्रांड बन जाती है तो इनकी ख्याति पूरे देश भर में होगी। सबसे बड़ी बात तो यह है कि यहां की हस्तनिर्मित उत्पादों की बदौलत जिले के बारह से भी अधिक लोग कई तरह के अवार्ड से सम्मानित हो चुके हैं। बहरहाल, जिन उत्पादों की बदौलत जिले के इन लोगों को बड़े-बड़े सम्मान मिले हैं उन्हें ब्रांड के तौर पर विकसित करना बेहद जरूरी है। उधर, सेवा हिमालय के संयोजक मनुज शर्मा ने भी जिले के हस्तनिर्मित उत्पादों को चंबा ब्रांड के तौर पर विकसित करने की मांग चंबा जनमत निर्माण अभियान के दौरान लोगों ने उठाई है। उन्होंने कहा कि हस्तनिर्मित उत्पादों के ब्रांड बनने पर जिले के लोगों को जहां आर्थिकी सुदृढ़ होगी तो वही देश विदेश में हमारे चंबा की अलग पहचान बनेगी।