कलौता रोड पर दौड़ी एक और एचआरटीसी

 चंबा —चंबा- कलौता मार्ग पर परिवहन निगम ने एक ओर बस सुविधा आरंभ की है। यह बस सेवा मुख्यालय से रोजाना शाम चार बजे रवाना होगी। कलौता में रात्रि ठहराव के बाद यह बस अगले दिन सवेरे साढ़े आठ बजे वापसी की राह पकडे़गी। कलौता मार्ग पर परिवहन निगम की अतिरिक्त बस सेवा आरंभ होने से खुशी की लहर दौड़ गई है। इस बस सेवा के आरंभ होने से पलूहीं पंचायत के करीब बारह गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। जानकारी के अनुसार गत दिनों सदर विधायक पवन नैयर के समक्ष ग्रामीणों ने कलौता रुट पर परिवहन निगम की समिति बस सेवा होने से पेश आ रही मुश्किलों से अवगत करवाया था। विधायक ने ग्रामीणों को जल्द कलौता मार्ग पर एक ओर बस सेवा उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया था। बाद में विधायक ने जनहित की इस मांग को परिवहन निगम प्रबंधन से उठाया था। विधायक के हस्तक्षेप के बाद परिवहन निगम ने एक और बस सेवा आरंभ कर दी है। पलूहीं पंचायत की प्रधान बौबी देवी समेत ग्रामीणों ने मार्ग पर परिवहन निगम की अतिरिक्त बस सेवा आरंभ करवाकर समस्या का हल करवाने के लिए विधायक पवन नैयर का आभार प्रकट किया है। उन्होंने बताया कि इस बस सेवा के आरंभ होने से पलूहीं, कलौता, डाडर, मंडाह, केहल, भडाली, बगोली व बंसदरी गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बहरहाल, परिवहन निगम की ओर से कलौता मार्ग पर अतिरिक्त बस सेवा आरंभ कर लोगों की चिरलंबित मांगों को पूरा कर दिया है।