जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस

भाजपा प्रवक्ता बोले; तैनातियों की नहीं, अपनी चिंता करे पार्टी

ऊना – मुख्यमंत्री कार्यालय में भाजपा के कर्मठ व ईमानदार वर्करों की नियुक्तियां हुई है। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई नियुक्तियों के बजाय कांग्रेस अपनी पार्टी की चिंता करे।  प्रदेश में सरकार भाजपा की है, तो मुख्यमंत्री कार्यालय में भाजपा के वर्कर ही बैठेंगे, न कि कांग्रेस के लोग यहां पर होंगे। यह बात रविवार को ऊना में प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ राष्ट्रवादी संगठन है। भाजपा के वर्कर्ज भी आरएसएस से जुड़े हुए हैं, जिसके लिए भाजपा वर्कर्ज गर्व महसूस करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता सरकार के खिलाफ आए दिन आधारहीन बयानबाजी कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस विधायक दल के नेता अपनी सरकार के कार्यकाल को भी याद करें कि कई अधिकारियों, कर्मचारियों पर भी भ्रष्टाचार के आरोप लग चुके हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय में तो नोटों की अटैची तक मिली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय में लोगों को नियुक्तियां सही हुई हैं। भाजपा सरकार में काम करने वाले कर्मचारियों, अधिकारियों का सम्मान होता है। काम नहीं करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। सोलन के बद्दी में हुई कोताही से संबधित अधिकारियों के तबादले होने पर सरकार ने यही संदेश दिया है। रणधीर शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता कांग्रेस की गुटबाजी से जनता का ध्यान बांटने के लिए सरकार के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी कर रहे हैं।