जल्द बहाल हों 22 कर्मचारी

अराजपत्रित कर्मचारी संगठन के महासचिव की सीएम से गुहार

कुल्लू — पूर्व की कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों का काफी उत्पीड़न किया है और अब भाजपा सरकार से आग्रह है कि ऐसे प्रताडि़त 22 कर्मचारियों को बहाल किया जाए। कुल्लू में कर्मचारी संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी संगठन के महासचिव एनआर ठाकुर ने कहा कि इन कर्मचारी नेताओं की सूची मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को सौंप दी गई है और उन्होंने भी आश्वासन दिया है कि जल्द इन नेताओं को बहाल किया जाएगा। एनआर ठाकुर ने कहा कि अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश 31 मार्च से पहले 116 विभागीय संगठन के चुनाव करवाएगा और उसके बाद एनजीओ के चुनाव का कैलेंडर जारी किया जाएगा। वहीं, एनजीओ फेडरेशन के सदस्यों का अभियान भी चलाया जाएगा और 31 मार्च तक दो लाख सदस्य प्रदेश में बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर फैसला लिया गया है कि कुल्लू का शेड्यूल जारी किया जाए और 31 मार्च तक एनजीओ की खंड स्तरीय कार्यकारिणी का भी गठन किया जाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कह रहे है कि इस संगठन की सरकार से मान्यता नहीं है, लेकिन सरकार की मर्जी है कि वह 100 लोगों के संगठन से बात करती है या दो लाख सदस्यों के संगठन से । इससे पहले कुछ लोगों ने अपने को प्रदेश एनजीओ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। लेकिन आज भी खुद ही अपनी कुर्सी छोड़ गए हैं। फेडरेशन में लोकतंत्र के हिसाब से ही कार्यकारिणी गठित की जाएगी और कर्मचारियों की मांग को मनवाने के लिए जेसीसी की बैठक सरकार के साथ आयोजित की जाएगी।