नीरव मोदी की कीमती घडि़यां जब्त, लगा था ढेर

नई दिल्ली – पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ हुए करीब 11400 करोड़ रुपए के घोटाले के बाद प्रवर्तन निदेशालय लगातार कार्रवाई कर रहा है। शुक्रवार को मारे गए छापों में ईडी के हाथ नीरव मोदी कई कीमती घडि़यां लगी हैं। इनका नीरव मोदी के ठिकाने पर ढेर लगा हुआ था। इसके साथ ही बैंक खातों में तीस करोड़ रुपए और सीज किए गए हैं। ईडी ने 13.86 करोड़ रुपए के शेयर्स भी सीज किए हैं। ईडी ने नीरव मोदी के जिस ठिकाने पर छापा मारा, वहां से कई कीमती घडि़यां बरामद हुई हैं। इन्हें 176 स्टील की अलमारियों, 158 डिब्बों और 60 प्लास्टिक के बक्सों में भरकर रखा गया था। बता दें कि इससे पहले ईडी ने गुरुवार को नीरव और उनकी कंपनी की नौ आलीशान कारों को जब्त किया था। उन कारों में करीब छह करोड़ रुपए की रोल्ज रॉयल गोस्ट भी शामिल थी। बता दें कि गुरुवार को पीएनबी ने नीरव मोदी के खत का जवाब देते हुए उनसे पूछा था कि क्या उनके पास पैसे लौटाने का कोई ठोस प्लान है? दरअसल इससे पहले नीरव ने पीएनबी को लेटर लिखा था। उसमें उन्होंने अपनी मजबूरियां गिनाई थीं।

नीरव मोदी ब्रांड से प्रियंका चोपड़ा का किनारा

नई दिल्ली — पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में हुए 11400 करोड़ रुपए के घोटाले में आरोपी नीरव मोदी से अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने किनारा कर लिया है। प्रियंका चोपड़ा ने नीरव मोदी ब्रांड से अपना अनुबंध खत्म कर लिया है। प्रियंका चोपड़ा के प्रवक्ता ने बताया कि नीरव मोदी पर लगे आरोपों के बाद से ही वह अनुबंध खत्म करने के लिए कानूनी सलाह ले रहीं थी। बता दें कि प्रियंका चोपड़ा हालीवुड में अपनी क्वांटिको सीरीज से मिली सफलता के बाद काफी हिट हुई थीं। इसको देखते हुए नीरव ने उन्हें जनवरी 2017 में अपने ब्रांड का एंबेसेडर बनाया था।