पंचायत समिति चंबा में खिला ‘कमल’

चंबा – पंचायत समिति चंबा के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद पर भाजपा ने कब्जा जमा लिया है। सोमवार को पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद हेतु हुए चुनावों में भाजपा ने मुकाबला पांच मतों के अंतर से जीत कर कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया है। पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल करने के साथ ही सदर भाजपा जश्न में डूब गई है। विजेता उम्मीदवारों को भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से लादकर जीत की खुशियां आपस में बांटीं। जानकारी के अनुसार प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के उपरांत पंचायत समिति चंबा के 11 सदस्यों ने अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के खिलाफ  अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इस अविश्वास प्रस्ताव को समिति की बैठक में दस सदस्यों ने उपस्थिति दर्ज करवाकर पारित भी कर दिया गया था। तदोपरांत पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के मुताबिक नए सिरे से अध्यक्ष व उपाध्यक्ष के चुनाव हेतु पांच फरवरी की तारीख निर्धारित की गई थी। सोमवार को पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के संपन्न चुनावों में भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद के लिए शांति देवी और कांग्रेस से हेमा पुरी ने परचा भरा। उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा के संजीव कुमार और कांग्रेस के अशोक मांडला ने दावेदारी जताई। पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए आम सहमति न बन पाने के कारण मतदान प्रक्रिया का सहारा लेना पड़ा। मतदान प्रक्रिया के घोषित नतीजे में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को 11-11 और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छह-छह मत पडे़, जबकि एक मत रद्द पाया गया। इस तरह भाजपा ने पंचायत समिति के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष को पांच मतों से जीत लिया। सोमवार को संपन्न पंचायत समिति अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की चुनावी प्रक्रिया प्रशासन की ओर से नियुक्त प्रजाइडिंग आफिसर कम तहसीलदार की देखरेख में निपटाई गई। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में भाजपा सरकार की ताजपोशी के बाद कांग्रेस समर्थित पंचायत समिति में उल्टफेर का यह दूसरा मौका है। इससे पहले कांग्रेस समर्थित नगर परिषद चंबा का भी भगवाकरण हो चुका है। बहरहाल, भाजपा ने पंचायत समिति चंबा के अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाकर सदर कांग्रेस को एक और जोरदार झटका दे डाला है।