पूर्व विधायक के निधन से शोक में डूबा अंबाला

अंबाला— अंबाला शहर विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक वीना छिब्बड़ का हृदय अघात से आकस्मिक निधन हो गया है। रविवार को रामबाग मैदान अंबाला शहर में उनका अन्तिम संस्कार किया गया है। उन्हें रात लगभग एक बजे हृदय अघात हुआ और अस्पताल पहुंचने से पहले ही प्राण त्याग दिए। परिजनों ने उनकी इच्छा के मुताबिक माधव नेत्र बैंक के माध्यम से नेत्रदान करवाया। उनके निधन पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उनके अन्तिम संस्कार में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज, श्रम एवं रोजगार राज्यमंत्री नायब सिंह सणी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री कृष्ण कुमार बेदी, सांसद रत्नलाल कटारिया व उनकी धर्म पत्नी बंतों कटारिया, विधायक असीम गोयल, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुरेश भट्ट सहित विभिन्न राजनैतिक, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। श्रीमती छिब्बड़ अपने पीछे विवाहित पुत्र, दो विवाहित पुत्रियां और एक अविवाहित बेटी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा ने भी उनके आवास पर पूर्व विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया। लगभग 68 वर्षीय स्वर्गीय छिब्बड़  वर्ष 2000 -05 तक विधायक रहीं थी।