प्रदेश में 21 से बारिश-बर्फबारी

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, 23 फरवरी तक जारी रहेगा दौर

शिमला — हिमाचल प्रदेश में जनता को अभी और ठंड का  सामना करना पड़ सकता है।  मौसम विभाग ने समूचे राज्य में 21 से 23 फरवरी तक मौसम खराब बना रहने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान पहाड़ों पर बर्फबारी और राज्य के मैदानी इलाकों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं, जिससे समूचे राज्य में एक मर्तबा फिर से तापमान गिरने की उम्मीदें लगाई जा रही थी। जबकि विभाग ने राज्य में 20 फरवरी तक मौसम शुष्क रहने की उम्मीदें जताई है। शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा।  प्रदेश में दिन की शुरुआत चटक धूप खिलने से हुई थी। हालांकि राज्य के मैदानी इलाकों में दिन भर मौसम शुष्क बना रहा। मगर प्रदेश की राजधानी शिमला, किन्नौर, चंबा व मंडी में कई  स्थानों पर शनिवार दोपहर बाद ठण्डी हवाएं चलीं, जिससे हल्की ठंड का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आंकी गई है। शिमला, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, सोलन, चंबा व डलहौजी में तापमान लुढ़का है। प्रदेश के शिमला, कल्पा, डलहौजी, कुफरी और शिमला के न्यूनतम तापमान में  गिरावट आई है।  कल्पा का न्यूनतम तापमान फिर से जमाव बिंदु से नीचे आ गया है। कुफरी का पारा भी 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। कुफरी के न्यूनतम तापमान में सर्वाधिक 3.0 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आंकी गई है। डलहौजी, मनाली और कल्पा में एक डिग्री तक  पारा लुढ़का है।  राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 15.1, सुंदरनगर में  23.9, भुंतर में 23.6, कल्पा में 12.2, धर्मशाला में 17.8, ऊना में 27.0, नाहन में 21.2, सोलन में 21.0, कांगड़ा में 24.0, बिलासपुर में 24.2, हमीरपुर में 24.6, चंबा में 22.4 और डलहौजी में 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि समूचे प्रदेश में 20 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा। 21 से 23 फरवरी तक राज्य में मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर  व कांगड़ा में एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि किन्नौर, लाहुल-स्पीति, चंबा, कुल्लू व शिमला में एक-दो  स्थानों पर बारिश के साथ बर्फबारी होगी।