आनी, सोलन में युकां पुलिस में हाथापाई

आनी— आनी में बुधवार को युकां द्वारा आयोजित बहुतकनीकी संस्थान को बंद करने के विरोध में आयोजित धरना प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्कामुक्की और हाथापाई हो गई। युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बस स्टैंड पर मुख्यमंत्री का पुतला जलाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान बात धक्कामुक्की और हाथापाई पर पहुंच गई। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पुतला छीन कर अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान युकां प्रदेशाध्यक्ष मनीष ठाकुर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहे। दस मिनट तक चले इस प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। युकां अध्यक्ष और जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का तानाशाही रवैया निंदनीय है। दलाश के बहुतकनीकी संस्थान को बंद करना यहां के युवाओं के साथ धोखा है, जिसे वे कभी भी बर्दाश्त नहीं करेंगे। संस्थान को पूर्व कांग्रेस सरकार ने 50 लाख का टोकन मनी भी जमा कर रखा था। मौजूदा प्रदेश सरकार बदले की भावना से काम कर रही है। समय रहते प्रदेश सरकार ने यदि संस्थान खोलने की अधिसूचना बहाल नहीं की तो आने वाले समय में आनी में कांग्रेस बहुत बड़े आंदोलन करेगी। उन्होंने लूहरी-छांवटी के बीच एनएच-305 द्वारा धीमी गति से कार्य करने की निंदा की। इस अवसर पर  महासचिव निशांत ठाकुर, नरेश डास्ता, गोपाल ठाकुर, गोपी चौहान, मनाली से वीर सिंह ठाकुर, गोविंद शर्मा, ओम प्रकाश ठाकुर, लालचंद मारकोनी, परसराम, फकीर चंर्द, दलीप जोशी, रिंकू, पप्पू सत्या, भूपेंद्र, योधराज, टेलू राम, राजेंद्र, डिवेन, मोहन ठाकुर, तेगाराम, विजय कंवर, ममता, सीमा, लोयाराम सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पांच पर केस दर्ज

सोलन— ओल्ड डीसी चौक पर बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं व पुलिस के बीच धक्कामुक्की व तीखी नोकझोंक हुई। पुलिस द्वारा विरोध किए जाने के बावजूद मौके पर मौजूद दर्जनों युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने सीएम का पुतला जला दिया। पुलिस ने पांच पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। एसपी सोलन मोहित चावला का कहना है कि पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।