नूरपुर के अक्षय, नाहन के निखिल सेना में लेफ्टिनेंट

सच कर दिखाया परिवार का सपना

नूरपुर – विकास खंड नूरपुर की पंचायत लदौड़ी  के अक्षय पठानिया ने सेना में लेफ्टिनेंट बन कर नूरपुर क्षेत्र  का नाम रोशन किया है। अक्षय पठानिया ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी स्कूल बागनी से हासिल की। उसके बाद डीएवी कालेज चंडीगढ़ से स्नातक की पढ़ाई की। अक्षय पठानिया ने दिसंबर, 2016 में परीक्षा पास करने के बाद राष्ट्रीय रक्षा अकादमी चेन्नई में प्रशिक्षण हासिल किया। अब वह लेफ्टिनेंट बन गए हैं। अक्षय पठानिया के पिता अश्वनी पठानिया हिमाचल प्रदेश नागरिक आपूर्ति निगम के कार्यरत हैं, जबकि माता अनुराधा पठानिया गृहिणी हैं। अक्षय ने बताया कि उनके परिवार की इच्छा थी कि वह सेना में जाकर देश की सेवा करे। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय दादा स्व. चमेल सिंह पठानिया, अपने माता-पिता व शिक्षकों को दिया है।

बचपन से था देश सेवा का जज्बा

नाहन – नाहन के निखिल पुष्कर्णा ने भारतीय सेना में बतौर लेफ्टिनेंट बनकर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि सिरमौर का भी नाम रोशन किया है। नाहन के कच्चा टैंक निवासी केवल कृष्ण शर्मा व बीना शर्मा के पुत्र निखिल पुष्कर्णा ने भारतीय सेना अकादमी चेन्नई से पासआउट समारोह से लेफ्टिनेंट बनकर सेना में अपनी सेवाएं आरंभ कर दी हैं। बता दें कि निखिल पुष्कर्णा ने आरंभिक शिक्षा नाहन के आर्मी स्कूल से पूरी की। बीटेक की डिग्री हासिल करने के बाद निखिल ने सेना में कमीशन पास कर चेन्नई स्थित भारतीय सेना अकादमी में प्रवेश पाया। निखिल के पिता केवल कृष्ण शर्मा भारतीय डिफेंस सर्विसिज में बतौर अधिकारी सेवानिवृत्त हुए हैं, जबकि माता बीना शर्मा हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाएं विभाग के निदेशालय से अधीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुई हैं। निखिल पुष्कर्णा ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि वह भारतीय सेना में जाकर देश की रक्षा करें।