प्रदेश में सुक्खू ने डुबोई कांग्रेस

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के खिलाफ किया सीधा हमला

शिमला— पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को लेकर अपना स्टैंड बरकरार रखा है। उन्होंने फिर से कहा कि प्रदेश में कांग्रेस को डुबाने में सुक्खू की अहम भूमिका है। विधानसभा परिसर के बाहर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वीरभद्र सिंह ने कहा कि सुक्खू ने कांग्रेस पार्टी में तांडव मचा रखा है। वह पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि काफी समय पहले उन्हें इस पद से हट जाना चाहिए था, लेकिन अब तक नहीं हटे हैं। सुक्खू को हटाने के लिए हाइकमान को पत्र लिखने की चर्चाओं पर एक सवाल पर वीरभद्र सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि ऐसे लोगों को हटाने के लिए वह न तो समय बर्बाद करते हैं और न ही कागज और स्याही। पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद एक बार फिर कांग्रेस पार्टी में बवाल मच गया है। वीरभद्र सिंह के इस बयान से एक बार साफ हो गया है कि पार्टी के अंदर सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। कांग्रेस पूरी तरह से बंटी हुई है जिसके बाद अब पूर्व मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक मंचों से सुक्खू के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हालांकि राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी सभी को नसीहत देकर गए है लेकिन इस नसीहत का असर यहां होता नहीं दिख रहा।

एचपीसीए केस तथ्यों पर आधारित

एक सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि एचपीसीए केस को राजनीति से प्रेरित बताना गलत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में ये केस बनाया गया था जोकि पूरी तरह से तथ्यों पर आधारित है। किस तरह से जमीन ली गई, कैसे फाइव स्टार होटल बनाया गया इसके बारे में सभी जानते हैं। उन्होंने कहा कि इसे राजनीति से प्रेरित केस बताना गलत है।