फोर जी…चंबा में धड़ाधड़ चलेगा नेट

चंबा  —भारत संचार निगम अगले महीने से प्रदेश में 4जी सेवाएं शुरू करेगा। इसका शुभारंभ चंबा जिला से होगा। इस संदर्भ में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अगले माह से चंबा जिला प्रदेश का पहला जिला होगा, जहां भारत संचार निगम की 4जी सेवाओं का लाभ उपभोक्ता उठा पाएंगे। यह जानकारी चंबा स्थित मोबाइल सहायक अभियंता भारत संचार निगम प्रदीप नाग ने दी। उन्होंने बताया कि जिला में अगले माह से शुरू होने वाली 4जी सेवाएं सबसे पहले चंबा शहर मंगला, नगोड़ी, ढोली मोहल्ला एवं हरदासपुरा में दी जाएंगी। उसके बाद ये सेवाएं डलहौजी सहित अन्य स्थल पर दी जाएंगी। उन्होंने बताया कि इन पांच स्थानों के बाद 4 जी सेवा उन स्थानों पर दी जाएंगी जहां वर्तमान में इन पांचों स्थानों जैसी थ्री जी सेवाएं उपलब्ध हैं। प्रदीप नाग ने कहा कि इसके बाद अधिकतर ग्रामीण क्षेत्रों में निगम सेवाओं में और विस्तार करने जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों में जहां अभी तक टूजी सेवाएं हैं, उन्हें थ्री जी में बदला जाएगा। श्री नाग ने बताया कि प्रधानमंत्री कार्यालय में विशेष महत्व के शहर में चंबा को चुना गया है इसलिए 4जी सेवाओं की शुरूआत प्रदेश में यहां से हो रही हैं। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में दूरसंचार जिला धर्मशाला कार्यालय द्वारा शिमला वृत कार्यालय को 4जी टावर लागने हेतू सामान भेजने को लिखा गया है। प्रदीप के अनुसार यह औपचारिकता अभी पूरी हो गई है तथा अब अप्रैल माह में इन पांच स्थानों पर 4जी सेवाओं का लाभ उपभोक्ता उठा सकेंगे।