विदेश भेजने के नाम पर लाखों ठगे

नाहन नगरोटा के युवक को शातिर ने लगाया पौने नौ लाख का चूना, न्यूजीलैंड भेजने का दिया था प्रलोभन

परागपुर, गरली  – उपतहसील परागपुर  के तहत पड़ने वाले गांव नाहन नगरोटा के एक युवक से विदेश भेजने के नाम लाखों रुपए ठगे जाने का मामला  प्रकाश  में  आया है। पीडि़त निखिल शर्मा  पुत्र अशोक कुमार निवासी नाहन नगरोटा ने डीएसपी देहरा को शिकायत पत्र सौंप कर न्याय की मांग की है। निखिल शर्मा ने शिकायत पत्र में लिखा है कि भवनीत ठाकुर पुत्र प्रदीप कुमार वासी कहाली जिला बिलासपुर  ने  17 फरवरी 2016 से लेकर 13 जून 2016 तक अपने बैंक खाते छह लाख  76500 रुपए मुझसे डलवा लिए। इसके अलावा शातिर ने उसके मूल दस्तावेज भी अपने पास रख लिए हैं। यहीं नहीं, आरोपी ने दो लाख रुपए अलग से नकद लिए हैं। निखिल ने आगे लिखा है कि भवनीत ठाकुर ने  न्यूजीलैंड में नौकरी दिलवाने का भरोसा दिया था ।  पैसे लेने के बाद आज तक उसे  विदेश नहीं भेजा गया और अब पैसे लौटाने में भी आनाकानी कर रहा है।   पीडि़त ने बताया कि पहले भी इसकी शिकायत में एसएचओ देहरा के पास 22 अप्रैल 2017 को लिखित रूप में कर चुका हूं, लेकिन आज तक उसका कोई परिणाम नहीं निकला है। पीडि़त का कहना कि उसके पिता ने उधार लेकर इतनी बड़ी रकम का इंतजाम किया था।  पैसे ठगे जाने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।  डीएसपी देहरा लालमन शर्मा  ने कहा कि  शिकायत पर पुलिस ने रोजनामचा दर्ज कर उक्त मामले की छानबीन हेतु जांच अधिकारी नियुक्त कर दिया है। जल्द ही पुलिस मामले की गहनता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगी। हर पहलू की जांच की जाएगी।

 महिला के खाते से  उड़ाए 40 हजार रुपए

धर्मपुर — धर्मपुर उपमंडल की बहरी पंचायत के बालहडा की सरिता देवी के खाते से शातिरों ने 40 हजार से ज्यादा की राशि उड़ा ली। सरिता देवी सोमवार को जब सहकारी बैंक धर्मपुर में पैसे निकालने गई।  तब बैंक कर्मियों ने बताया कि आपके खाते में तो इतनी राशि उपलब्ध नहीं है । सरिता देवी ने बैंक प्रबंधक को सारी बात बताई। तब बैंक प्रबंधक ने बताया कि आपके खाते से शॉपिंग मॉल मुंबई में 20 हजार दो सौ बारह व 10 हजार एक सौ की निकासी हुई है।  जबकि तीसरी निकासी ऐप के माध्यम से 10 हजार एक सौ साथ रुपए की  गुरुग्राम में हुई है।  महिला ने खाते से पैसे निकालने की शिकायत पुलिस थाना धर्मपुर में दर्ज करवाई है।  डीएसपी सरकाघाट चंद्र पाल सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सरिता देवी ने मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने धारा 420 के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ  धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।