शाहपुर के रजत सेना में लेफ्टिनेंट

 शाहपुर —शाहपुर के साथ लगते कैरी गांव के रजत शर्मा ने सेना में लेफ्टिनेंट बनकर गांव के साथ प्रदेश का भी नाम रोशन किया है। रजत अब गढ़वाल रेजिमेंट में बतौर लेफ्टिनेेंट सेवाएं देंगे। रजत के दादा, चाचा आदि भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। रजत ने बचपन से ही सेना की वर्दी पहनने के सपने देखे व कड़ी मेहनत से उसे पा भी लिया। रजत ने केंद्रीय विद्यालय भनाला से दसवीं व योल कैंट से जमा दो की शिक्षा प्राप्त की। उसके बाद बीटेक शिमला से की। इस दौरान उनका चयन एक सॉफ्टवेयर कंपनी में हो गया, लेकिन एसएसबी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने आफिसर टे्रनिंग अकादमी चेन्नई में प्रवेश पाया। अब रजत लेफ्टिनेंट बन गए हैं। रजत शर्मा के पिता केवल शर्मा भी सेना से रिटायर हुए हैं, जबकि माता सुषमा देवी गृहिणी हैं।  रजत ने अपनी सफलता का श्रेय दादी सत्या देवी, माता-पिता व अध्यापकों को दिया है।