सर्वे पर ही होगा सब्जी मंडियों का निर्माण

कांगड़ा – भविष्य में हिमाचल प्रदेश में सब्जी मंडियों का निर्माण सर्वे के आधार पर किया जाएगा। पिछली कांग्रेस सरकार ने करोड़ों रुपए खर्च कर सब्जी मंडियों का निर्माण राजनीतिक आधार पर किया था। नतीजतन प्रदेश में कई मंडियां फेल हो गईं और ऐसी मंडियों का कोई औचित्य न रहा। ये शब्द कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडेय ने कहे। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में फेल हो चुकी  मंडियों को दोबारा चालू करने के प्रयास किए जाएंगे। अगर यह मंडिया कामयाब नहीं होती हैं, तो उन्हें सब्जी संग्रह केंद्र में तबदील किया जाएगा या इन भवनों को कृषि विभाग के सुपुर्द कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा प्रदेश की सब्जी मंडियों को  ई-नाम से जोड़ा जा रहा है, ऐसी मंडियों को ऑनलाइन टेंडर से जोड़ा जाएगा। सब्जी मंडियों के रखरखाव पर भी सरकार विशेष तवज्जो दे रही है। हिमाचल प्रदेश में सब्जी मंडियों में शौचालय की व्यवस्था हो और साथ ही किसानों के लिए किसान भवनों का निर्माण भी किया जाएगा। रामलाल मार्कंडेय ने कहा कि प्रदेश के हर जिला में कोल्ड स्टोर स्थापित किए जाएंगे, इसके लिए भारत सरकार से अनुदान की मांग की गई है।