सोनिया को आधी रात छोड़ना पड़ा हिमाचल

तबीयत बिगड़ने पर बेटी प्रियंका संग पहले चंडीगढ़, फिर दिल्ली रवाना

शिमला— शिमला के निजी दौरे पर आई कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी को तबीयत बिगड़ने के कारण गुरुवार रात को ही अचानक वापस लौटना पड़ा। वह बेटी प्रियंका के साथ गुरुवार रात को ही चंडीगढ़ के लिए सड़क मार्ग से रवाना हुईं। चंडीगढ़ में एक अस्पताल में स्वास्थ्य जांच करवाने के बाद वे दोनों शुक्रवार सुबह वहां से दिल्ली को रवाना हो गईं। गौर हो कि सोनिया गांधी अपनी बेटी प्रियंका के साथ गत 21 मार्च को शिमला के छराबड़ा पहुंची थीं। वह यहां अपनी बेटी के आशियाने का निरीक्षण करने के लिए आई थीं और छराबड़ा में होटल वाइल्ड फ्लॉवर हॉल में रुकी हुई थीं। गुरुवार को सोनिया गांधी ने भवन के कार्य का निरीक्षण किया। इसी बीच उनकी तबीयत खराब हो गई। इस पर आईजीएमसी को अलर्ट कर दिया गया था। सोनिया गांधी को आईजीएमसी लाने की बात की जा रही थी, जिसके लिए उनके  साथ तैनात एसपीजी की टीम ने गुपचुप रूट और अस्पताल की रेकी कर व्यवस्था का जायजा भी लिया था। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी का बीपी लगातार घट-बढ़ रहा था। माना जा रहा है कि दिल्ली की गर्मी के बाद एकदम शिमला की ठंडी वादियों में उनको कोल्ड की भी शिकायत हो गई थी। चिकित्सक उनकी शाम तक निगरानी करती रहीं, लेकिन देर शाम उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। हालांकि उनको आईजीएमसी लाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने आईजीएमसी आने की जगह चंडीगढ़ जाने की बात कही। इसके बाद चंडीगढ़ में पीजीआई प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया। सोनिया गांधी मध्यरात्रि को छराबड़ा से सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना हुईं। आईजीएमसी के वरिष्ठ चिकित्सक डा. रमेश चंद खुद उनके साथ गए थे। बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी ने पीजीआई जाने की जगह एक अन्य अस्पताल में अपनी जांच करवाई। इस दौरान उनके साथ बेटी प्रियंका भी थीं। इसके बाद शुक्रवार सुबह सोनिया गांधी बेटी के साथ दिल्ली रवाना हो गईं। इससे पहले जब सोनिया गांधी गत 26 अक्तूबर को छराबड़ा आई थीं, तब उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसके बाद दूसरे ही दिन वह यहां से लौट गई थीं।