हरिमन… 15 दिन… तीन नेशनल अवार्ड

बिलासपुर के बागबान को अब सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान

घुमारवीं— ‘दिव्य हिमाचल एक्सीलेंस अवार्ड’ से सम्मानित घुमारवीं के प्रगतिशील बागबान हरिमन शर्मा ने 15 दिनों में तीन नेशनल अवार्ड जीतकर देशभर में धाक जमाई है। इनमें 19 फरवरी को उदयपुर में वैज्ञानिक किसान उपाधि, 23 फरवरी को वाराणसी में बेस्ट फार्मर अवार्ड के बाद छह मार्च को दिल्ली में देश के सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान से नवाजा गया। इसमें अहम बात यह है कि इन तीन राष्ट्रीय अवार्डों में से दो बार केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने सम्मानित किया है। राष्ट्रीय स्तर पर यह पुरस्कार हरिमन शर्मा को बागबानी क्षेत्र में गर्म जलवायु में उगने वाली सेब की वैरायटी विकसित करने के लिए मिला है। जानकारी के मुताबिक घुमारवीं उपमंडल के पन्याला गांव के  बागबान हरिमन शर्मा को कृषि क्षेत्र में  देश के सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान से सम्मानित किया गया है। देश का यह प्रथम सम्मान दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के महिंद्रा समृद्धि एग्री अवार्ड समारोह में केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने दिया। अवार्ड स्वरूप हरिमन शर्मा को नकद राशि के साथ प्रशस्ति-पत्र भी प्रदान किया गया। समारोह में द्वितीय और तृतीय सम्मान राजस्थान राज्य के मदनलाल देबड़ा और आशीष अली को मिला। हिमाचल जैसे छोटे पहाड़ी राज्य के लिए देश का सर्वोच्च कृषक सम्राट सम्मान मिलना गर्व का विषय है। कृषकों के नामों का चयन के लिए मुंबई, कोलकाता तथा दिल्ली में बैठकों का आयोजन किया गया। इसके बाद देश भर में कृषक सम्राट सम्मान के लिए हिमाचल प्रदेश के हरिमन शर्मा चुना गया। बता दें कि हरिमन शर्मा को उदयपुर में किसान वैज्ञानिक की उपाधि,  वाराणसी में बेस्ट फार्मर अवार्ड के अलावा बीते साल  द्वितीय राष्ट्रीय कृषक सम्मान मिला है।