11 साल बाद… शातिर गिरफ्तार

 चंबा —पुलिस के पीओ सैल ने लुधियाना के खुंडियां से हत्या के मामले में नामजद अदालत द्वारा उद्घोषित करार अपराधी जोध सिंह निवासी गांव मंझाटा पीओ उलासां तहसील भरमौर को 11 साल के बाद गिरफ्तार कर लिया। पीओ सैल की टीम आरोपी को लेकर चंबा आ रही है, जहां आरोपी को पुलिस रिमांड के लिए अदालत में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार जोध सिंह के खिलाफ साल 2002 में भरमौर पुलिस थाना में मामला दर्ज किया गया था। अदालत से जमानत पर छूटने के बाद से जोध सिंह पेशियां भुगतने नहीं आ रहा था। अदालत ने जोध सिंह की गैरहाजिरी का कड़ा संज्ञान लेते हुए वर्ष 2007 में उद्घोषित अपराधी करार दे दिया। पुलिस तभी से जोध सिंह की तलाश में जुटी हुई थी। इसी बीच पीओ सैल को जोध सिंह की लुधियाना में होने की सूचना मिली। पीओ सैल के मुख्य आरक्षी देवराज व आरक्षी रविंद्र, नित्येंद्र व महिला आरक्षी रीना राय ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए लुधियाना में दबिश देकर खुंडियां में आरोपी को दबोच लिया। जोध सिंह की गिरफ्तारी से पुलिस ने राहत महसूस की है। जोध सिंह के खिलाफ  अदालती आदेशों की अवमानना को लेकर भरमौर थाना में एक और मामला दर्ज किया जा रहा है। उधर, एसपी चंबा डा. मोनिका ने पीओ सैल की टीम द्वारा लुधियाना के खुंडियां से उद्घोषित अपराधी के गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि की है।