300 बूथ अध्यक्षों को नवाजेगी भाजपा

बिलासपुर – हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 80 फीसदी वोटों की बढ़त दिलाने वाले बूथ अध्यक्ष सम्मानित किए जाएंगे। इस बाबत हिमाचल भाजपा ने ऊना जिला से सम्मान समारोहों की शुरुआत कर दी है। प्रदेश में लगभग 300 बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगा। खास बात यह है कि 75 से लेकर 80 फीसदी वाले बूथों को ए-ग्रेड, तो इससे कम वोटिंग परसेंटेज वाले बूथों को बी-ग्रेड में रखा गया है। ए-ग्रेड वाले बूथों के अध्यक्षों को जिला स्तरीय, जबकि बी-ग्रेड वाले बूथों को मंडल स्तरीय सम्मान समारोहों में कमल के फूल लोगो वाले मोमेंटो देकर सम्मानित किया जाएगा। जानकारी के मुताबिक इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा रिकार्ड सीटों के साथ सत्ता में आई है। प्रदेश में कई सीटों पर नए चेहरों ने विधानसभा की दहलीज पार की है। कई हलकों में पार्टी के पक्ष में 75 से 80 फीसदी, तो कहीं 80 फीसदी से अधिक वोटिंग हुई है। इसके चलते इस बार पार्टी ने चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बूथ अध्यक्षों को सम्मानित करने का निर्णय लिया है। ऊना जिला में एक दर्जन से ज्यादा बूथ अध्यक्षों को सम्मानित किया गया है।  बिलासपुर में यह सम्मान समारोह सोमवार को होने जा रहा है, जिसमें पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। जिला भाजपा के महामंत्री भीम सिंह चंदेल ने बताया कि यह समारोह बिलासपुर के नगर परिषद हाल में आयोजित किया जा रहा है। इसमें सदर, झंडूता और घुमारवीं के विधायकों के अलावा नयनादेवी के पूर्व विधायक एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा, मंडलों, विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। श्री चंदेल ने बताया कि निश्चित रूप से यह पहल आगामी लोकसभा चुनाव में सकारात्मक परिणाम सामने लाएगी। उन्होंने बताया कि बिलासपुर जिला के 12 बूथों के अध्यक्षों को सम्मानित किया जाएगा। इसमें 8 बूथ अकेले झंडूता हलके से संबंधित हैं, जबकि बिलासपुर सदर हलके में दो और घुमारवीं हलके के दो बूथ शामिल हैं।