एक नजर

ट्रक ने रौंदा ऑटो दस की मौत

भोपाल — मध्य प्रदेश के कटनी जिला में शनिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला समेत दस लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के परिजन को एक-एक लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए सहायता राशि देने की घोषणा की है। सुरकी टैंक के पास एक ट्रक ने सामने से आ रहे एक ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। मझगवां से कटनी आ रहे इस ऑटो में बहुत सी सवारियां थीं, जिनमें से दस की मौत हो गई।

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर जनता को बधाई

नई दिल्ली — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर देश की जनता को बधाई और उनके स्वस्थ जीवन की कामना की। श्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि अच्छा स्वास्थ्य मानव की प्रगति की नींव है। आज विश्व स्वास्थ्य दिवस है। आपका स्वास्थ्य बेहतर रहे और लगातार विकास की नई ऊंचाईयों पर पहुंचे, यही मेरी कामना है। उन्होंने कहा कि मैं विश्व स्वास्थ्य संगठन और अन्य की ओर से चयनित थीम ‘यूनिवर्स हेल्थ कवरेजः एवरीवन, एवरीव्हेयर’ की सराहना करता हूं। यह स्वास्थ्य के लिए अनुसंधान है जिसने सभी को विश्व के सबसे बड़े स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम आयुष्मान भारत बनाने के लिए प्रेरित किया।

अमरीकी बैन का जवाब देगा रूस

मास्को — रूस ने कहा कि वह अपने कारोबारियों, कंपनियों तथा सरकारी अधिकारियों के विरुद्ध लगाए गए नए अमरीकी प्रतिबंधों का मजबूती से जवाब देगा। रूसी विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा कि किसी प्रकार का दबाव रूसी नागरिकों को मार्ग बदलने के लिए मजबूर नहीं कर सकता और प्रतिबंध केवल रूसी समाज को एकजुट करेगा। अमरीका ने वर्ष 2016 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में मध्यस्थता करने समेत विभिन्न गतिविधियों के लिए रूस को दंडित करने के लिए नए प्रतिबंध लगाने का फैसला किया है।

चीन के साथ विवाद का हल तीन माह में

वाशिंगटन — अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुख्य आर्थिक सलाहकार लैरी कुडलो ने चीन के साथ बढ़ रहे व्यापारिक विवाद का हल तीन माह के भीतर कर लिए जाने की संभावना व्यक्त की है। श्री कुडलो ने राष्ट्रपति भवन व्हाइट हाउस में कहा कि चीन पर आयात शुल्क बढ़ाने की श्री ट्रंप की धमकी महज दिखावा नहीं है। उन्होंने कहा कि यह संभव है कि चीन के साथ बढ़ते व्यापार विवाद का हल तीन माह के भीतर कर लिया जाए। उन्होंने चीन के साथ व्यापारिक जंग की संभावना से इनकार करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच संबंध इतने खराब नहीं हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि विदेश नीति में बदलाव हो सकता है।