कुदरत के आंचल में छिपा पर्यटन निखारें

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री अल्फोंस से उठाया प्रदेश हित का मसला

शिमला  – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पर्यटन से संबंधित परियोजनाओं को स्वीकृति देने का मामला केंद्रीय पर्यटन राज्यमंत्री केजे अल्फोंस के समक्ष रखा है। रविवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय राज्य मंत्री से मुलाकात कर उनसे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने, ईको एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने व यहां के नैसर्गिक सौंदर्य से परिपूर्ण व अछूते पर्यटन स्थलों को विश्व के पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से अंकित करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा तैयार की गई 300 करोड़ लागत की तीन योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को हिमाचल आने का निमंत्रण भी दिया और कहा कि वह स्वयं उन्हें प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर लेकर जाएंगे। मुख्यमंत्री के निमंत्रण को केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्वीकार किया। उन्होंने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार द्वारा पर्वतीय राज्य में पर्यटन संभावनाओं के दोहन व विस्तार के लिए भरपूर सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि हिमाचल शांत व प्रदूषण मुक्त परिवेश, अपनी समृद्ध संस्कृति व यहां के लोगों के मधुर व्यवहार व मेहमाननबाजी के कारण सैलानियों का प्रिय स्थल बनता जा रहा है और देवभूमि होने के कारण यहां के देवालय श्रद्धालुओं के आकर्षण व आस्था के केंद्र हैं। केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री ने बैठक में उपस्थित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे हिमाचल में पर्यटन विस्तार व संभावनाओं के दोहन के बारे में राज्य के अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के लिए दिल्ली बुलाएं। मुख्यमंत्री ने बताया कि हिमाचल को प्रकृति ने अनुपम सौंदर्य दिया है और यह प्रदेश अपनी विविध भौगोलिक परिस्थितियों के चलते पूरा वर्ष सैलानियों को आकर्षित करता है।

साहसिक खेलों की अपार संभावना

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में पर्वतारोहण, बाइकिंग, राफ्टिंग व पैराग्लाइडिंग सरीखे साहसिक खेलों के विस्तार की भी अपार संभावनाएं हैं और ऐसे साहसिक खेलों के लिए यह प्रदेश स्वर्ग माना जाता है। उन्होंने कहा पर्यटन क्षेत्र में छिपी रोजगार की संभावनाओं के दोहन पर भी सरकार प्रमुखता से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने पर्यटन स्थलों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए केंद्र से उदार धनराशि उपलब्ध करवाने का आग्रह भी किया।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!