प्रदेश कांग्रेस संगठन का भरेगा खजाना

शिमला— प्रदेश कांग्रेस के खस्ताहाल खजाने का खुलासा शनिवार को पीसीसी की बैठक में भी हो गया। हालांकि इससे पहले भी सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कई दफा बड़े नेताओं से पैसे की मांग उठाई थी,लेकिन आज संगठन के पदाधिकारियों के सामने सुक्खू को यह मामला रखना ही पड़ा। कोई भी नेता व पदाधिकारी पार्टी को फंड नहीं दे रहा है, जिसके चलते अब कांग्रेस का खजाना खाली है।  पीसीसी की बैठक में सुक्खू ने इस पर पदाधिकारियों से सहयोग देने के लिए कहा है, जिस पर ब्लॉक से लेकर ऊपर तक सभी पदाधिकारियों को पार्टी फंड देने के लिए कहा गया है। इसके लिए एक राशि भी तय की जाएगी। कांग्रेस के पास खर्च करने के लिए आमदन का कोई साधन नहीं है। पार्टी पांच साल तक सत्ता में थी पर तत्कालीन सीएम वीरभद्र सिंह से छत्तीस का आंकड़ा होने के चलते सुक्खू को पार्टी चलाने के लिए फूटी कौड़ी नहीं मिली। कांग्रेस ने चुनाव के दौरान टिकट के चाहवानों से करोड़ों रुपए एकत्र किया, जिससे पार्टी कार्यालय के टैक्स चुकाए गए मगर अब उसके पास पैसा खत्म हो गया है और नगर निगम का टैक्स भी चुकता करना है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के कई दमगजे भरे, लेकिन धरातल पर कुछ नजर नहीं आ रहा है बल्कि जनता को ठगा गया है। प्रदेश से चार सांसद जिताकर लोगों ने भेजे परंतु  आज वे लोगों को ये बताने से भी कतरा रहे हैं कि पांच साल में उन्होंने क्या किया। इसलिए कांग्रेस आम जनता के साथ मिलकर उनसे हिसाब मांगती रहेगी।

500 मेंबर होंगे तैयार

कांग्रेस ने इस बैठक में निर्णय लिया है कि 30 मई तक संगठन हर विस से 500 ऐसे एक्टिव कार्यकर्ताओं को तैयार करेगा जोकि संगठन के लिए पूरी सक्रियता से काम करेंगे। इनका एक डाटा बैंक यहां मुख्यालय में तैयार किया जाएगा। ब्लाक स्तर पर तैयार होने वाली इस टीम से लगातार संपर्क होगा।

7 मई को रोष यात्रा

कांग्रेस प्रदेश में 7 मई को रोष यात्रा निकालेगी। सभी क्षेत्रों में केन्द्र सरकार द्वारा महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का ये प्रदर्शन होगा। इसे लेकर भी बैठक में रणनीति बनाई गई।

2500  जाएंगे दिल्ली

पीसीसी की इस बैठक में 29 अप्रैल को दिल्ली में होने वाली राहुल गांधी की रैली में प्रदेश से 2500 कार्यकर्ताओं को ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक गांव से कार्यकर्ताओं को जोड़कर दिल्ली ले जाया जाएगा।

अपने सपनों के जीवनसंगी को ढूँढिये भारत  मैट्रिमोनी पर – निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!