मैरीकॉम-संजीव ने जीता सोना, नीरज ने रचा इतिहास

गोल्ड कोस्ट— भारत की स्टार महिला मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम ने विश्व, एशिया और ओलंपिक पदकों के बाद अब अपने करियर में पहले राष्ट्रमंडल स्वर्ण पदक की कमी को भी पूरा कर लिया। 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को मैरीकॉम ने अपने 45-48 किग्रा भार वर्ग के स्वर्ण पदक मुकाबले में आयरलैंड की क्रिस्टीना ओ हारा को एकतरफा मुकाबले में 5-0 से पराजित किया। ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम करियर में पहली बार राष्ट्रमंडल खेलों में उतरी थीं और दिग्गज खिलाड़ी ने यहां भी अपना लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत के संजीव राजपूत ने 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को निशानेबाजी स्पर्धाओं के आखिरी दिन पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन स्पर्धा में देश को स्वर्ण पदक दिला दिया। संजीव ने राष्ट्रमंडल खेलों का रिकार्ड बनाते हुए कुल 454.5 का स्कोर किया और शीर्ष पर रहते हुए स्वर्ण जीता जो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय निशानेबाज का तीसरा पदक है। भारत के 20 साल के नीरज चोपड़ा ने सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 86.47 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर देश को ऐतिहासिक स्वर्ण पदक दिला दिया और वह इसके साथ ही इस स्पर्धा में राष्ट्रमंडल खेलों का स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट भी बन गए। इसके साथ ही भारतीय महिला हॉकी टीम इंग्लैंड के हाथों 0-6 की करारी शिकस्त के साथ अपना कांस्य पदक मुकाबला भी गंवा बैठी।

विनेश-सुमित-विकास-सौलंकी और मनिका को भी स्वर्ण

गोल्ड कोस्ट— भारत की विनेश फोगाट (50 किग्रा) और सुमित (125 किग्रा) ने गजब का प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन शनिवार को स्वर्ण पदक जीत लिए जबकि ओलंपिक कांस्य पदक विजेता साक्षी मलिक (62 किग्रा) और सोमवीर(86) को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। विनेश और सुमित के स्वर्ण पदकों से गोल्ड कोस्ट में भारत के कुश्ती के स्वर्ण पदकों की संख्या पांच पहुंच गई और उसने पिछले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों के पांच स्वर्ण पदकों की बराबरी कर ली। विनेश और सुमित से पहले सुशील कुमार, राहुल अवारे और बजरंग ने स्वर्ण पदक जीते थे। भारत ने कुश्ती में अपना अभियान पांच स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य सहित सभी 12 पदकों के साथ समाप्त किया। सोमवीर ने इन खेलों में भारत को कुश्ती का आखिरी पदक दिलाया। राष्ट्रमंडल कुश्ती के तीसरे और अंतिम दिन सुमित ने भारत को पहला स्वर्ण दिलाया। स्वर्ण की दावेदार साक्षी को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। साक्षी ने 62 किग्रा वर्ग में अपने पहले मुकाबले में कैमरुन की बर्थे एमिलेन को 10-0 से हराया। भारत के विकास कृष्ण ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की मुक्केबाजी स्पर्धा के 75 किलो ग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रियो ओलंपिक में क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले विकास ने फाइनल मुकाबले में कैमरून के दियूदोन विल्फ्रे सेयी को  5-0 से हराया।

इन्हें मिला सिल्वर-ब्रांज

साक्षी (ब्रांज), सोमवीर (ब्रांज), मनीष(सिल्वर), सतीश (सिल्वर), अचंता-साथियान (सिल्वर), हरमीत-सनिल (ब्रांज), दीपिका-सौरव (सिल्वर)

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!