मौसम ने बदला रंग चंबा में बरसीं फुहारें

चंबा ,डलहौजी – मौसम विभाग के पूर्वानुमान को मौसम ने फेल कर दिया। गुरुवार को चंबा में मौसम का मिजाज पलट गया। इस दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ मैदानों में हल्की बारिश हुई। बर्फबारी और बारिश से यहां पर मौसम सुहावना हो गया है। मौसम के बदले मिजाज से तापमान में गिरवाट से गर्मी से लोगों को राहत मिली है। उधर, मौसम विशेषज्ञों ने अब आठ से चंबा सहित अन्य क्षेत्रों में जोरदार बारिश की संभावना जताई है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने पूर्वानुमान लगाया था कि चंबा में धूप खिली रहेगी, पर गुरुवार को यहां पर बारिश से लगातार बढ़ रहे तापमान पर लगाम लगी है। वहीं डलहौजी में गुरुवार को अचानक बदले मौसम के मिजाज से ठंड फिर से लौट आई है। दोपहर बाद रुक-रुक कर बरसीं फुहारों से मौसम सुहावना हो गया। ठंड की विदाई के बाद पिछले कुछ दिनों से पर्यटक नगरी में पारा चढ़ गया था। धूप और खुले मौसम के कारण लोगों ने गर्म कपड़ों को अलविदा कह दिया था। मगर गुरुवार सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया। सुबह से ही आसमान में बादल घिर आए थे।