हरियाणा में 46 लाख मीट्रिक टन गेहूं बिकी

रादौर अनाज मंडी में निरीक्षण के दौरान बोले खाद्य राज्य मंत्री कर्ण देव कंबोज

यमुनानगर— हरियाणा के खाद्य नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री कर्ण देव कंबोज ने रादौर अनाज मंडी में निरीक्षण करते हुए गेहूं की आवक, खरीद, नमी, लिफटिंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। राज्यमंत्री कर्ण देव कंबोज ने इस मौके पर जहां मंडी की व्यवस्थाओं का बारिकी से जाना। वहीं गेहूं के उठान, किसानों की पेमेंट बारे, बारदाने बारे, गेहूं की नमी सहित बोरियों में भरी गेहूं की मात्रा की जांच करवाकर उसकी वास्तविकता की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा की मंडियों में गेहूं की आवक जोरों पर है। मंडियों में गेहूं की फसल बेचने आने वाले किसानों सहित आढ़तियों को राज्य सरकार द्वारा हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक हरियाणा में 46 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। उन्होनें बताया कि 1735 रुपए क्विंटल के हिसाब से किसानों की गेहूं खरीदने का काम किया जा रहा है और अबकी बार गेहूं की पैदावार भी अच्छी हुई है। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में गेहूं की आवक का कार्य सुचारु रूप से चले इसके लिए संबधित विभाग व एजेंसियों द्वारा बेहतर व्यवस्थाएं की गई है। ताकि किसानों को अपनी फसलों को बेचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रदेश की मंडियों में बारदाने की व्यापक स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभाग द्वारा पहले से ही ऐक्जामीन करते हुए एजेंसियों को बारदाने उपलब्ध करवाने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि गेंहू की फसल काटने के बाद किसान खेतों मे पड़े अवशेषों को न जलाए। इससे पर्यावरण को भी नुकसान होता है। उन्होंने किसानों की मांग पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जब गेहूं की खरीद जारी रहेगी तब तक फायर बिग्रेड की गाड़ी अनाज मंडी में खड़ी करना सुनिश्चित करें ताकि आपात स्थिति से निपटा जा सके। इस मौके पर सुरेंद्र सिंह ने राज्यमंत्री को बताया कि मंडी में गेहूं खरीद का कार्य हैफेड द्वारा किया जा रहा है तथा मंडी में पहुंची किसानों की फसलों को खरीदते हुए उन्हें समय अनुसार उनकी पेमेंट देने का काम भी किया गया है।

जीवनसंगी की तलाश हैतो आज ही भारत  मैट्रिमोनी पर रजिस्टर करें– निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन करे!