आज बारिश, कल से धूप

विभाग का पूर्वानुमान, एक-दो जगह बरस सकते हैं बादल

शिमला  – हिमाचल प्रदेश के एक-दो स्थानों पर रविवार को भी गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि समूचे राज्य में 21 से 25 मई तक मौसम साफ बना रहेगा। शनिवार को जिला शिमला के एक-दो स्थानों पर दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। बारिश से शिमला के अधिकतम तापमान में  एक डिग्री तक की गिरावट आई है। वही ऊना के तापमान में भी हल्की सी गिरावट आंकी गई है। इसके अलावा शेष हिमाचल के तापमान में बीते रोज के मुकाबले एक से छह डिग्री सेल्सियस तक का उछाल दर्ज किया गया है। भुंतर के तापमान में सबसे अधिक छह डिग्री का उछाल आंका गया है। वही, कल्पा में पांच, डलहौजी में तीन, कांगड़ा, सोलन और धर्मशाला में दो, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, नाहन और सुंदरनगर के तापमान में एक डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।   प्रदेश के ऊना का तापमान 40 डिग्री से पार चल रहा है। बिलासपुर का अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री का आंकड़ा छूने लगा है। इसके अलावा हमीरपुर और कांगड़ा का तापमान भी 36 डिग्री से पार हो गया है। जिसके चलते इन क्षेत्रों में दिन के समय लोगों को प्रचंड गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि रविवार को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य में 21 से 25 मई तक मौसम साफ बना रहेगा। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 23.6, सुंदरनगर में 35.5, भुंतर में 34.0, कल्पा में 21.0, धर्मशाला में 31.2, ऊना में 40.4, नाहन में 34.2, केलांग में 14.8, सोलन में 31.2, कांगड़ा में 36.1, बिलासपुर में 38.2, हमीरपुर में 36.8, चंबा में 31.8, डलहौजी में 21.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!