क्राइम का दिखा अजब रूप

किसी को फंसाने का प्लान, खुद का करवा लिया मर्डर

नई दिल्ली — दिल्ली के खजूरी खास में सोमवार रात एक युवक को सरेराह गोलियां मारी गईं, जिसकी अस्पताल में मौत हो गई। इस केस में रातभर की इन्वेस्टिगेशन में चौंकाने वाली बातें सामने आ रही हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि जिस युवक को गोलियां लगीं, वही पूरी साजिश का सूत्रधार था। साजिश यह थी कि उसकी हत्या की कोशिश का सीन बनाकर दूसरे को फंसाना है। इसलिए एक गोली उसकी जांघ में मारी गई, दूसरी कंधे के पास। अंधेरे में जो गोली कंधे के पास चलाई गई, वह कुछ इंच नीचे छाती पर लगी, जिससे हार्ट पंक्चर हो गया। इस साजिश में मरने वाले की पहली पत्नी, सास और कुछ दोस्त शामिल हैं। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है। इस मामले में वरिष्ठ   पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही पूरी तस्वीर हो जाएगी।

बहू के खाने से गुस्साए ससुर ने ली बेटे की जान

उल्हासनगर — महाराष्ट्र के उल्हासनगर में 50 साल के एक व्यक्ति को अपने बेटे की जान लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। बेटे के कत्ल की जो वजह सामने आई है, उसे जानकर सभी हैरान हैं। दरअसल, इस व्यक्ति ने अपने बेटे की हत्या अपनी बहू के अच्छा खाना न बनाने के कारण कर डाली। बताया गया है कि 24 साल का कृष्णा अपनी 19 साल की पत्नी रेखा के साथ अपने पिता शांताराम उज्जैनकर के साथ विट्ठलवाड़ी में रहता था। पुलिस ने बताया है कि रेखा ने शांताराम को खाना परोसा, उस समय कृष्णा काम पर गया था। खाना अच्छा न बनने पर दोनों में तरकरार हुई। कृष्णा ने जब अपने पिता को समझाया कि वह रेखा से न झगड़े तो पिता ने गुस्से में आकर कृष्णा पर वार कर दिया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

व्यापारी ने की पत्नी-दो बेटियों की हत्या

अहमदाबाद — गुजरात के अहमदाबाद शहर के एक पॉश इलाके में मंगलवार तड़के एक व्यवसायी ने अपनी पत्नी और दो युवा पुत्रियों की अपने घर में ही गोली मार कर हत्या कर दी और खुद ही पुलिस को फोन कर इसकी जानकारी दी, जिसने उसे घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। माना जा रहा है कि कर्ज बढ़ जाने अथवा किसी अन्य पारिवारिक कारण से उसने इस घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक शहर के पॉश इलाके वस्त्रापुर के जजेज बंगलो रोड में रत्नम टॉवर के फ्लैट संख्या 202 में रहने वाले धर्मेश शाह (49) ने अपने लाइसेंस वाले रिवाल्वर से पत्नी एमी (49)और बेटियों दीक्षा (24) और हेली (19) को मार दिया। उन्होंने बाद में सुबह लगभग पौने आठ बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को फोन कर इसकी जानकारी भी दे दी।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!