जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर मिले वेतन

 भरमौर —डिपो होल्डर संचालन समिति ने प्रदेश के डिपो होल्डरों को पडोसी राज्य जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर वेतन प्रदान करने की मांग प्रमुखता के साथ सरकार के समक्ष उठाई है। साथ ही डिपो होल्डरों को सरकार कर्मचारी बनाने की मांग भी समिति ने की है। इसके अलावा समिति ने डिपो होल्डरों से जुडी कई समस्याओं पर भी चर्चा कर इनके समाधान की गुहार राज्य सरकार के समक्ष लगाई है। जानकारी के अनुसार डिपो होल्डर संचालन समिति खंड भरमौर की बैठक रविवार को संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के खंड अध्यक्ष जीत कुमार ने की। जिसमें पूरी कार्यकारिणी ने हिस्सा लिया। इस दौरान समिति की कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। जिसमें आनंद कुमार को प्रेस सचिव, विवेक कुमार को कोषाध्यक्ष, मचला राम को मुख्य सलाहकार और हरनाम सिंह को सलाहकार का जिम्मा सौंपा गया है। समिति के अध्यक्ष जीत राम का कहना है कि सरकारी कर्मचारियों की तर्ज पर डिपो होल्डर भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं दे रहे है। बावजूद इसके सरकारें डिपो होल्डरों के हित में कोई ठोस नीति नहीं बना पाई है। जिससे डिपो होर्ल्डस को अपने परिवार का पालन पोषण करना भी मुशिकल हो रहा है। लिहाजा समिति की मांग है कि डिपो होल्डर को सरकारी कर्मचारी बनाया जाए। साथ ही उन्होंने जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर डिपो होल्डरों को वेतन प्रदान करने की मांग भी सरकार के पास प्रमुखता के समक्ष उठाई है। बैठक में समिति के उपाध्यक्ष संजय कुमार समेत नरेंद्र कुमार, विवेक कुमार, मंगत राम, तिलक राज, रोशन लाल, आनंद कुमार, मनीष कुमार,कर्ण सिंह, दलीप कुमार, किशोरी लाल, अनिल कुमार, राकेश कुमार, देसराज, सुरेश कुमार, रत्न चंद, संजीव कुमार व विधिया राम समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!