बालू आयुर्वेदिक अस्पताल को बनाएंगे मॉडल

 चंबा —शहर के समीप बालू स्थित जिला आयुर्वेद अस्पताल को एक मॉडल अस्पताल के तौर पर स्थापित करने पर विचार किया जाएगा, ताकि जिला का सबसे बड़ा आयुर्वेद स्वास्थ्य संस्थान लोगों को आयुर्वेदिक पद्धति से जुड़ी स्वास्थ्य सुविधाएं और बेहतर तरीके से दे सके।  विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज ने यह बात बुधवार को जिला आयुर्वेद अस्पताल में आयोजित साप्ताहिक योग दिवस के मौके पर बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए अपने संबोधन में कही । उन्होंने कहा कि आयुर्वेद पद्धति हमारे पुरातन ग्रंथों से भी जुड़ी है और योग का अध्यात्म से भी गहरा रिश्ता है। योग से निरोग रहने का सार ही हमारी संस्कृति की अमूल्य खूबी है। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कहा कि योग को विश्व भर में एक अलग पहचान दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका अत्यंत ही महत्त्वपूर्ण है। आज विश्व के अनगिनत देशों में 21 जून को योग दिवस का आयोजन किया जाता है। योग ने विश्व के अन्य देशों को भारत और भारतीय संस्कृति की ओर आकृष्ट करने में अपनी अहम सहभागिता निभाई है।  उन्होंने यह भी कहा कि आज समाज में जो विषमताएं हैं वे इसलिए हैं कि हम पूर्वजों की दी हुई संस्कृति से जुड़े मूल्यों को भूल रहे हैं। आज जरूरत इस बात की है कि इन मूल्यों को जीवन का हिस्सा बनाया जाए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने आयुर्वेद पद्धति से जुड़ा अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने स्वयं इस अस्पताल में शिरोधार्य पद्धति से अपना इलाज करवाया था और आज तक उस समस्या से मुक्त हैं। उन्होंने बताया कि चुराह विधानसभा क्षेत्र में ही आने वाले कुछ समय में करीब आधा दर्जन आयुर्वेद स्वास्थ्य संस्थान खुलेंगे। स्वास्थ्य संस्थानों के खुलने से दूरदराज के ग्रामीणों को बहुत बड़ा लाभ मिलने वाला है।  इससे पूर्व हंसराज ने दीप प्रज्वलित करके साप्ताहिक योग दिवस का शुभारंभ किया।  इस मौके पर बालिकाओं ने योग का प्रदर्शन भी किया । कार्यक्त्रम के दौरान एक प्रेजेंटेशन के माध्यम से डा. गोपाल शर्मा ने योग की उपयोगिता और महत्त्व को विस्तार से समझाया। जिला आयुर्वेद अधिकारी कुलदीप बरवाल और वरिष्ठ आयुर्वेदिक चिकित्सा अधिकारी डा. केशव  वर्मा ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर जिला भाजपा महामंत्री दिनेश शर्मा, भाजयुमो के जिला अध्यक्ष विनायक रैणा, जिला अध्यक्ष महिला भाजपा कांता ठाकुर, जिला आयुर्वेद अधिकारी कुलदीप बरवाल, एसडीएम चंबा दीप्ति मंढोत्रा, आयुर्वेद अस्पताल प्रभारी डा. अनिल शेखरी, प्रदेश भाजपा बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ सदस्य पुनीत बख्शी, पंचायत समिति तीसा उपाध्यक्ष बोधराज, चुराह भाजपा मंडल महामंत्री वीरेंद्र ठाकुर व चंबा भाजपा मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार भी मौजूद रहे।

अपना सही जीवनसंगी चुनिए| केवल भारत मैट्रिमोनी पर-  निःशुल्क  रजिस्ट्रेशन!