आज ज्वाइन नहीं किया तो सेवाएं खत्म!

ऊना — अपनी मांगों को दो दिनों से हड़ताल कर रहे 108 एंबुलेंस कर्मियों ने अगर शुक्रवार सुबह 10 बजे तक अपनी ड्यूटी ज्वाइन नहीं की, तो उनकी सेवाएं खत्म कर दी जाएंगी। 108 नंबर एंबुलेंस का संचालन कर कंपनी ने इन कर्मियों को दो टूक कहा है कि निर्धारित समय पर ज्वाइन करें, नहीं तो सेवाएं खत्म कर दी जाएंगी। गत दो दिनों से कर्मी हड़ताल कर रहे हैं, जिससे एंबुलेंस सेवा प्रभावित तो हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग द्वारा इसकी वैकल्पिक व्यवस्था भी कर ली गई है। एंबुलेंस के चालक, ईएमटी, फार्मासिस्ट मांगों को लेकर हड़ताल कर रहे हैं। उधर, इस बारे में 108 नंबर एंबुलेंस कंपनी के राज्य प्रभारी मेहूल सुकुमारन का कहना है कि कंपनी की ओर से हड़ताली कर्मियों के लिए ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए समय निर्धारित कर दिया गया है। यदि कोई कर्मी ज्वाइन नहीं करता है, तो उसकी सेवाएं भी खत्म की जा सकती हैं। इन कर्मियों को मानव भावना को देखते हुए अपनी ड्यूटी ज्वाइन करनी चाहिए। हड़ताली कर्मियों की मांगों को लेकर भी उचित कदम उठाए जाएंगे।