उच्चायुक्त से बदसलूकी पर भारत ने फटकारा पाक

नई दिल्ली — पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया को शनिवार को रावलपिंडी स्थित गुरुद्वारा पंजा साहिब जाने से रोक दिया गया। इसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। भारत ने इस पर कड़ा विरोध जताते हुए पाकिस्तान के उपउच्चायुक्त को यहां सम्मन किया है। बताया जा रहा है कि भारतीय उच्चायुक्त के पास पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की ओर से अनुमति भी थी। इसके बावजूद उनके साथ बदसलूकी की गई। ऐसा तब हुआ है, जब मार्च महीने में ही पाकिस्तान ने राजनयिक विवाद को 1992 कोड ऑफ कंडक्ट के तहत सुलझाने को लेकर सहमति जाहिर की थी। पिछले दो महीने के दौरान यह दूसरा मौका है, जब भारतीय उच्चायुक्त को गुरुद्वारा पंजा साहिब जाने से रोका गया। हालांकि अब पाकिस्तान ने इस मामले में एक नई कहानी गढ़ी है। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता मोहम्मद फैसल ने ट्वीट कर कहा है कि सिख श्रद्धालु भारत में दुर्व्यवहार और विवादित फिल्म के रिलीज के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। भारतीय उच्चायुक्त को इस बात से अवगत कराया गया था और उन्होंने खुद अपनी यात्रा को रद्द करने की सहमति दी। उधर, शनिवार को विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर बताया कि इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग ने भी इस मामले में कड़ा विरोध दर्ज कराया है। पाकिस्तान के उप उच्चायुक्त सैयद हैदर शाह को समन भी किया गया है।