गेंद से छेड़छाड़ पर फंसे चांदीमल

आईसीसी ने ठहराए दोषी, विंडीज के खिलाफ मैच में विवाद

सेंट लूसिया – अभी दक्षिण अफ्रीका और आस्ट्रेलिया के बीच इस साल मार्च में समाप्त हुई चार टेस्ट मैचों की सीरीज में गेंद के साथ छेड़छाड़ के मामले में उपजे विवाद को तीन महीने भी नहीं बीते थे कि एक बार और यह जिन्न उभर आया है। श्रीलंका क्रिकेट टीम के कप्तान दिनेश चांदीमल पर इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने गेंद से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। आईसीसी ने चांदीमल को वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंट लूसिया में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन गेंद से छेड़छाड़ का दोषी पाया है। चांदीमल पर गेंद का आकार बदलने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। हालांकि, श्रीलंकाई टीम मैनेजमेंट ने चांदीमल का बचाव किया है।

दो घंटे देरी

विवाद के बाद नाराज श्रीलंकाई टीम ने मैच के तीसरे दिन मैदान पर उतरने से इनकार कर दिया था, लेकिन आखिर में निर्धारित समय से दो घंटे बाद खेल शुरू हुआ। श्रीलंका पर पांच रन का जुर्माना लगा और वेस्टइंडीज के स्कोर में पांच पेनल्टी रन जोड़ दिए गए।