तानों से परेशान महिला ने खाने में मिलाया जहर, पांच की मौत

रायगढ़ — सांवला रंग और अच्छा खाना नहीं बना पाने के तानों से परेशान एक महिला ने खाने में जहर मिला दिया। इससे पांच की मौत हो गई और 120 लोग बीमार हो गए। ये सभी महिला के रिश्तेदार हैं। महिला ने खाने में जहर तब मिलाया, जब एक परिवारिक समारोह के लिए सभी रिश्तेदार रात के खाने पर इकट्ठा हुए थे। मरने वालों में सात से 13 साल की उम्र के चार बच्चे शामिल हैं। महिला की दो साल पहले शादी हुई थी। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने बताया कि ससुराल वाले ताने मारने के साथ-साथ उसका मजाक भी उड़ाते थे।