तालिबान ने मौत के घाट उतारे 30 अफगानी सैनिक

काबुल— अफगानिस्तान के बदघिस प्रांत में बुधवार सुबह आतंकवादी संगठन तालिबान ने 30 सैनिकों की हत्या कर दी। साथ ही एक सैन्य ठिकाने पर कब्जा कर लिया। प्रांतीय गवर्नर ने यह जानकारी दी है। ईद पर घोषित किए संघर्ष विराम के बाद यह पहला बड़ा हमला है, जिसमें इतने सैनिकों को निशाना बनाया गया है। तालिबान की तरफ से घोषित संघर्ष विराम रविवार को समाप्त हो गया था। गवर्नर अब्दुल कफूर मलिकजई ने बताया कि कई दिशाओं से भारी संख्या में तालिबानी आतंकवादियों ने एक साथ हमला कर दिया और घंटों तक की गई गोलीबारी में 30 अफगानी सैनिक मारे गए और इसके बाद तालिबान ने सुरक्षा ठिकाने पर कब्जा कर लिया। उन्होंने बताया कि तालिबान के खिलाफ अन्य क्षेत्रों में मंगलवार रात से जारी सुरक्षा अभियानों में 15 आतंकवादी मारे गए हैं। इस बीच तालिबान ने इस घटनाक्रम पर अपनी तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं की है।सरकार की तरफ से घोषित एक तरफा संघर्ष विराम की अवधि बुधवार को समाप्त हो रही थी।