युवाओं के पास योग को वक्त नहीं

योग- अपने आपको जानने और जीने की कला। शारीरिक और मानसिक स्फूर्ति का टॉनिक। योग की दीवानी हुई दुनिया का भारत गुरु है। पर क्या गुरु  कहलाने वाले इस देश की देवभूमि हिमाचल में आजकल की भाग-दौड़ भरी जिंदगी में आम आदमी योग के लिए वक्त निकाल पा रहा है? विश्व योग दिवस के अवसर पर इसी सच को सामने ला रहा है प्रदेश का अग्रणी मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’

याददाश्त बढ़ाने को योग

अकाउंटेंट सुनील शर्मा ने बताया कि वह योग करते हैं। उन्होंने कहा कि वह मन की  शांति और याददाश्त बढ़ाने के लिए योग करते हैं। योग के बहुत फायदे हैं। यह व्यक्ति की दिनचर्या और आसन पर निर्भर करता है। युवाओं को योग नियमित रूप से करना चाहिए।

दुकान के काम से फुर्सत नहीं

पेशे से दुकान चलाने वाले बृजलाल कहते हैं वह योग नहीं करते। हालांकि दुकान का काम करते हैं। ऐसे में सुबह से शाम तक काफी कसरत हो जाती है, लेकिन बृजलाल का कहना है योग के फायदे अनेक हैं। अब वह भी जल्द ही योग शुरू करेंगे।

योग बिना अधूरा है जीवन

योग के प्राध्यापक डा. सत्य प्रकाश पाठक कहते हैं कि योग जीवन का अभिन्न अंग है। बिना योग के जीवन पूरा ही नहीं है। योग हमारी संस्कृति है और इसमें लाभ और हानि का प्रश्न ही नहीं उठता। वस्तुतः यह एक अनुभव का विज्ञान है, जिसकी अनुभूति को व्यक्त ही नहीं किया जा सकता।

योग के बारे में सोचा ही नहीं

जोगिंद्रनगर के सनी गौतम योग नहीं करते और योग करने के बारे में कभी सोचा ही नहीं। बकौल सन्नी कभी योग नहीं किया, ऐसे में फायदे नहीं बता सकता, लेकिन बहुत से उम्रदराज लोग योग करते हैं तो फायदे तो जरूर होंगे। अब योग शुरू करने की कोशिश जरूर करूंगा।ं

स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है योग

मंडी की रहने वाली योगा इंस्ट्रक्टर मनीषा रोजाना योग करती हैं। उनका कहना है कि वह योगा इंस्ट्रक्टर हैं। ऐसे में स्वयं योग करने के साथ ही दूसरों को योग के लिए प्रेरित करती हैं। योग फिटनेस और स्वस्थ जीवन का मूल मंत्र है। यही योग का सबसे बड़ा लाभ और खजाना है। उनका कहना है कि लोगों को जरूर योग करना चाहिए।

बिजी शेड्यूल से नहीं निकाल पाता समय

पेशे से डाक्टर अक्षय मिन्हास बताते हैं कि वह योग नहीं करते, लेकिन फिटनेस पर जरूर ध्यान देते हैं। व्यस्तता के चलते योग के लिए समय नहीं निकाल पाते। हालांकि वह मानते हैं कि स्वस्थ शरीर और आत्मिक शांति के लिए योग जरूरी है। इसके कई लाभ हैं। इससे शरीर तंदुरुस्त रहता है।