रूस की लगातार दूसरी जीत

सेंट पीटर्सबर्ग (रूस) — मेजबान रूस ने दूसरे हाफ में 15 मिनट के भीतर तीन गोल करके मिस्र को 3-1 से हराकर फीफा विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश की दहलीज पर पहुंच गया। मिस्र के स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह ने चोट से उबरने के बाद मैदान पर वापसी की और पेनल्टी पर गोल भी दागा, लेकिन 28 साल बाद पहला विश्व कप खेल रहे मिस्र को लगातार दो हार के बाद अब वापसी का टिकट कटाना पड़ सकता है। अहमद फातही ने आत्मघाती गोल दागकर 47वें मिनट में रूस को बढ़त दिला दी। यह इस टूर्नमेंट का 5वां आत्मघाती गोल रहा। इसके बाद डेनिस चेरिशेव और आर्तियोम ज्युबा ने लगातार गोल दागकर रूस को 3-0 की बढ़त दिला दी। इससे पहले रूस ने शुरुआती मैच में सऊदी अरब को 5-0 से हराया था।