स्पेन की जीत ने ग्रुप-बी बनाया ग्रुप ऑफ डैथ

कजान — स्पेन ने ईरान की मजबूत रक्षापंक्ति को दूसरे हाफ में डिएगो कोस्टा के गोल से भेदते हुए फीफा विश्व कप फुटबाल टूर्नामेंट के संघर्षपूर्ण मुकाबले में 1-0 से जीत हासिल की और ग्रुप-बी को ग्रुप ऑफ डैथ बना दिया है। पूर्व चैंपियन स्पेन के इस जीत के बाद दो मैचों से चार अंक हो गए हैं, जबकि पुर्तगाल के भी दो मैचों से चार अंक हैं। ईरान के दो मैचों से तीन अंक हैं और इस ग्रुप से नॉकऑउट चरण में जाने वाली दो टीमों का फैसला ग्रुप के आखिरी मैचों के बाद ही हो पाएगा। ग्रुप में स्पेन ने इससे पहले पुर्तगाल से 3-3 का ड्रा खेला था और अब उसने ईरान को 1-0 से हराया। ईरान ने इससे पहले मोरक्को को 1-0 से हराया था। पुर्तगाल की टीम मोरक्को को 1-0 से हरा चुकी है। मोरक्को टूर्नामेंट से बाहर हो चुका है।