अगले आम चुनावों में एनडीए के साथ नहीं

नई दिल्ली – आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेदेपा के अध्यक्ष एन चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को कहा कि भाजपा अगर 2019 के आम चुनाव के लिए संपर्क करे तब भी उनकी पार्टी राजग में शामिल नहीं होगी। उन्होंने साथ ही कहा कि राजग सरकार के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव नैतिकता बनाम बहुमत की लड़ाई थी। नायडू ने कहा कि तेदेपा राज्य के लोगों के लिए न्याय सुनिश्चित करने की खातिर 2014 में राजग में शामिल हुई थी और हम सत्ता के भूखे नहीं है। हमें कभी भी कैबिनेट सीटों की आकांक्षा नहीं रही। उन्होंने कहा कि हमने आंध्र प्रदेश को न्याय दिलाने के लिए उनके (भाजपा सरकार) साथ चार साल इंतजार किया लेकिन उन्होंने राज्य के लोगों के साथ धोखा किया। हम कैसे यकीन कल लें कि वे दोबारा ऐसा नहीं करेंगे। श्री नायडू ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शुक्रवार को का अविश्वास प्रस्ताव हमारी नैतिकता एवं भाजपा के बहुमत के बीच लड़ाई थी। उन्होंने अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए दूसरे विपक्षी दलों का आभार जताया। राजग सरकार ने कल करीब 12 घंटे तक चली बहस के बाद अविश्वास प्रस्ताव पर जीत हासिल की थी। देर रात 11 बजकर 10 मिनट पर जब मतविभाजन हुआ, प्रस्ताव के पक्ष में 126 जबकि विपक्ष में 325 मत पड़े।