इंडोनेशिया में भूकंप; 14 लोगों की मौत, 162 जख्मी

सेंबलुन— इंडोनेशिया के बाली में रविवार सुबह 6.4 तीव्रता का भूकंप आया। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, झटकों की वजह से कई इमारतें तबाह हो गईं। इनमें दबकर एक पर्यटक समेत 14 लोगों की मौत हो गई। 162 लोग जख्मी हैं। अमरीकी जियोलॉजिकल सर्वे ने कहा है कि भूकंप का केंद्र पूर्वी लोंबोक था। एक बड़े भूकंप के बाद करीब 60 झटकों की वजहों से कई मिनट तक धरती हिलती रही, 1000 इमारतें तबाह हो गईं। शहर की आपदा प्रबंधन संस्था के प्रवक्ता सुतोपो पुर्वो का कहना है कि घायलों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। अब संस्था का ध्यान लोगों को सही-सलामत निकालने पर है। पूर्वो ने भूकंप के बाद के हालात की तस्वीरें ट्विटर पर भी पोस्ट कीं। लोंबोक में एक शख्स ने बताया कि भूकंप काफी तेज था। सभी लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और इलाके की बिजली भी अचानक कट गई।