भाजयुमो ने पीटे स्वामी अग्निवेश

पाकुड़ (झारखंड) — अक्सर विवादों में रहने वाले स्वामी अग्निवेश की भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को झारखंड के पाकुड़ में पिटाई कर दी। इस दौरान भाजयुमो के कार्यकर्ताओं ने स्वामी वापस जाओ के नारे भी लगाए। इसके बाद होटल मुस्कान के सामने मुख्य सड़क पर युवा मोर्चा के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। अग्निवेश के दौरे का विरोध कर रहे भाजयुमो कार्यकर्ता अग्निवेश गो बैक के नारे लगा रहे थे। उनका आरोप था कि स्वामी ईसाई मिशनरी के इशारे पर आदिवासियों को भड़काने आए हैं। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि स्वामी ईसाई मिशनरी व पाकिस्तान के इशारे पर काम कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले मई, 2011 में गुजरात के अहमदाबाद में एक जनसभा के दौरान स्वामी अग्निवेश के साथ एक संत ने अभद्रता की। जनसभा के दौरान संत ने स्वामी अग्निवेश को थप्पड़ मारा। संत की पहचान महंत नित्यानंद दास के रूप में हुई थी। अमरनाथ में शिवलिंग के बारे में अग्निवेश द्वारा दिए गए बयान से संत नाराज था। उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।