यात्रियों की मौत पर गमगीन हुआ उत्तराखंड

देहरादून— मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पौड़ी गढ़वाल के धूमाकोट के पास हुई बस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति एवं दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से कामना की है। मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को दो.दो लाख रुपए एवं घायलों को 50-50 हजार रुपए की राशि अभिलम्भ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों रामनगरए हल्द्वानी में भर्ती कराया जा रहा है। उन्होंने बस दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच के भी आदेश दिए हैं।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पौड़ी में हुई बस दुर्घटना में मृतकों के प्रति संवेदना प्रकट की है। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने फोन के माध्यम से इस दुर्घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र ने जिला प्रशासन स्थानीय प्रशासन, पुलिस व एसडीआरएफ  को तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिये कि घायलों के हर संभव उपचार सुनिश्चित किया जाए।