हाकी विश्व कप में तिरंगे से अशोक चक्र गायब

लंदन— एफआईएच 2018 महिला हाकी विश्व कप शनिवार से इंग्लैंड की राजधानी लंदन में शुरू हो रहा है, लेकिन टूर्नमेंट की शुरुआत से पहले ही आयोजकों की एक गलती से हाकी इंडिया और भारतीय प्रशंसक काफी नाराज हो सकते हैं। आयोजकों ने टूर्नामेंट में भारतीय कप्तान रानी रामपाल सहित सभी 16 टीमों की कप्तान को थेम्स नदी के किनारे आयोजित एक कार्यक्रम में बुलाया था। इसमें हर कप्तान अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ खड़ी हुई। हालांकि भारतीय झंडे में आयोजक एक बड़ी चूक कर गए। ध्वज में से अशोक चक्र नदारद था। यह बात पता नहीं चल पाई कि क्या लंदन में मौजूद भारतीय अधिकारियों ने हाकी इंडिया को इस बात की जानकारी दी है अथवा नहीं?