हिमाचली प्रतिभा को प्रणाम

* गेयटी थियेटर में प्रदेश की 13 विभूतियों को ‘नारी शक्ति सम्मान’

* विभिन्न सामाजिक उपलब्धियों पर लोगों के लिए बनीं मिसाल

* मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शॉल-मोमेंटो देकर किया सम्मान

शिमला — प्रदेश में विभिन्न क्षेत्रों में हिमाचल का नाम चमकाने वाली महिलाओं को गेयटी थियेटर में सम्मानित किया गया। मौका था मीडिया ग्रुप ‘दिव्य हिमाचल’  के मेगा इवेंट मिसेज हिमाचल का।   ‘दिव्य हिमाचल’  द्वारा आयोजित इस नारी शक्ति सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने-अपने क्षेत्रों में लीक से हट कर कार्य करने वाली 13 महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने रेडियो जॉकी शालिनी शर्मा, लोक गायिका वर्षा कटोच, ट्रक चालक नीलकमल, योग शिक्षिका डा. गरिमा ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता प्रीति सूद, नृत्यांगना श्रुति गुप्ता, हिमाचल प्रशासनिक अधिकारी कुमुद सिंह, बुनकर मीना कुमारी, टैक्सी चालक रवीना, भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी मोनिका, लेखिका मीनाक्षी चौधरी और सरोज परमार सहित हैंडबॉल कोच स्नेहलता को अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सम्मानित करने के साथ ही ‘दिव्य हिमाचल’  की इस बड़ी पहल को भी खूब सराहा। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज का अभिन्न अंग हैं और मुझे खुशी है कि एक बेहद ही अच्छा प्रयास नारी शक्ति को प्रोत्साहित करने के लिए दिव्य हिमाचल द्वारा किया जा रहा है। इस पहल के लिए मुख्यमंत्री ने ‘दिव्य हिमाचल’ के सीएमडी भानु धमीजा, प्रधान संपादक अनिल सोनी सहित समस्त टीम को बधाई दी। ‘दिव्य हिमाचल’  मीडिया ग्रुप द्वारा पहली बार प्रदेश भर में ऐसी महिलाओं का चयन कर उन्हें सम्मानित करने की पहल की गई है, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर महिला सशक्तिकरण का सही उदाहरण पेश किया है। इससे पहले भी ‘दिव्य हिमाचल’  महिलाओं को सम्मानित करता आया है, लेकिन यह पहली बार था, जब केवल महिलाओं के लिए ही एक सम्मान समारोह आयोजित कर उसमें अलग-अलग फील्ड से जुड़ी महिलाओं को उनके कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। ‘दिव्य हिमाचल’ की ओर से स्वास्थ्य, कौशल नृत्य, लेखकीय सरोकार, युवा उपलब्धि, कर्त्तव्य कर्मठयता संगीत, खेल और प्रशासनिक कौशल वर्गों में महिलाओं को चयनित कर उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।