हिमाचल टाइगर ने जीती कबड्डी लीग

कांगड़ा – नगर परिषद मैदान पर चक दे इंडिया कबड्डी लीग में में हिमाचल टाइगर ब्वॉयज टीम विजयी रही है। इस टीम ने यह प्रतियोगिता 51-23 अंकों के अंतर से जीती है। खास बात यह है कि विजेता टीम को बोर्ड की तरफ से 1.71 लाख रुपए की नगद राशि इनाम में दी गई है, जबकि उपविजेता रही हरियाणा वीर टीम को एक लाख रुपए व तीसरे स्थान के लिए गोरखपुर एक्सप्रेस को 51 हजार रुपए तथा चौथे स्थान पर रही चेन्नई टीम को 31 हजार रुपए नकद पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में मुख्यातिथि पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने सफल आयोजन के लिए बोर्ड की पीठ थपथपाई। पूर्व आईपीएच मंत्री रविंद्र रवि, बोर्ड के राष्ट्रीय महासचिव नरेश मलिक, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र कुंद्रा, सेवानिवृत्त कर्मचारी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम शर्मा, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष नीतू दामिर, जिला भाजपा अध्यक्ष संजय चौधरी, कांगड़ा भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश बराड़ व दि प्रोमोटर्स संस्था के महासचिव सुनील डोगरा  सहित सैकड़ों शहर के गणमान्य लोग इस ऐतिहासिक मौके का गवाह बने। दो दिवसीय इस कार्यक्रम के दौरान लोक गायिका नीमो देवी ने भी हिमाचली लोकगीतों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मंच संचालक सुदेश सिंहोत्रा ने बेहतरीन मंच संचालन कर समय बांधे रखा।

अंतरराष्ट्रीय लीग जल्द

शहर में राष्ट्रीय स्तर की कबड्डी लीग के बाद अब यहां अंतरराष्ट्रीय कबड्डी लीग का प्रयास भी शीघ सार्थक होगा। भारतीय खेल विकास बोर्ड हिमाचल प्रदेश के चेयरमैन अनिल दामिरने ऐलान किया है कि राष्ट्रीय कबड्डी लीग  के बाद अब कांगड़ा में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी लीग करवाई जाएगी। उनकी घोषणा के बाद कांगड़ा के युवा वर्ग में उत्साह का माहौल है।