हिमाचल मंत्रिमंडल में होगा फेरबदल

दिल्ली हाईकमान-केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर लौटे मुख्यमंत्री ने दिए संकेत

शिमला— दिल्ली हाईकमान और केंद्रीय नेताओं से मुलाकात कर लौटे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कहा कि परफारमेंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल संभव है। राज्य सरकार के बोर्ड-निगमों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष की नियुक्तियां होंगी। इसके लिए संगठन और सरकार की सहमति बनाई गई है। मुख्यमंत्री का कहना है कि अगस्त के पहले सप्ताह भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हिमाचल दौरा प्रस्तावित है। इसके बाद राज्य सरकार कई बड़े फैसले लेगी। उनका कहना है कि लोकसभा चुनावों की तैयारियों के मद्देनजर राष्ट्रीय अध्यक्ष का प्रवास काफी अहम है। इसके तुरंत बाद महत्त्वपूर्ण बोर्ड और निगमों में अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पदों की ताजपोशी की जाएगी। दिल्ली से लौटने के बाद ओकओवर पहुंचे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ‘दिव्य हिमाचल’ से विशेष बातचीत में कहा कि दिल्ली में उनकी सार्थक बैठकें हुई हैं। केंद्रीय नेताओं ने हिमाचल प्रदेश के सभी प्रस्तावों पर सहमति जताते हुए आर्थिक मंजूरी की मुहर लगाई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ 40 मिनट की सौहार्दपृर्ण वार्ता में सरकार और संगठन को लेकर विस्तार से चर्चा हुई है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का कहना है कि केंद्रीय हाईकमान ने उन्हें सबको विश्वास में लेकर बड़े फैसले लेने के लिए अधिकृत किया है। हाईकमान चाहती है कि हिमाचल प्रदेश की जयराम सरकार 25 साल का लंबा स्पेल मानकर अपनी योजनाएं बनाए। इसके लिए जनहित में सरकार कड़े फैसले ले। मुख्यमंत्री का कहना है कि उन्होंने संगठन तथा सरकार के कामकाज पर विस्तार से चर्चा की है। इसके चलते परफारमेंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल की संभावना को भी खारिज नहीं किया जा सकता है। दिल्ली दौरे से उत्साहित मुख्यमंत्री का कहना है कि छह माह की भाजपा सरकार को केंद्र ने दिल खोलकर प्रोजेक्ट मंजूर किए हैं। इस अल्पावधि में केंद्र से 5509 करोड़ रुपए मिले हैं।

बड़े फैसले लेने के मूड में मुख्यमंत्री

दिल्ली से लौटे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बड़े फैसले लेने के मूड में हैं। पार्टी सुप्रीमो से मंत्रणा कर लौटे मुख्यमंत्री को राज्य में कड़े फैसले लेने के लिए अधिकृत किया है। सीएम ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और संगठन मंत्री पवन राणा के साथ केंद्रीय हाईकमान से मुलाकात की है। इस दौरान सीएम और राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की 40 मिनट चर्चा हुई है।