अगले दो दिन और बरसेगी आफत

देश के 16 राज्यों में बारिश का अलर्ट, बारिश-बाढ़ से इस मानसून में सात राज्यों में 774 की मौत

नई दिल्ली— देश के कई राज्य इन दिनों भारी बारिश से बाढ़ और भू-स्खलन की चपेट में हैं और अगले दो दिनों तक राहत मिलने की भी कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। केरल के बाद अब पहाड़ी राज्यों उत्तराखंड में हालात बेकाबू हैं। सोमवार को मौसम विभाग की भविष्यवाणी में बताया गया है कि अगले दो-तीन दिनों में पश्चिम हिमालयी क्षेत्र और पूर्वी भारत के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश के आसार हैं। उत्तर प्रदेश में भी मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। सात राज्यों में 700 से ज्यादा लोगों की मौत के साथ ही बड़े पैमाने पर मकानों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटों में उत्तराखंड में कई जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। आईएमडी देहरादून के बिक्रम सिंह ने बताया कि रेड अलर्ट अगले 24 घंटे तक जारी रहेगा। गृह मंत्रालय के मुताबिक मानसून के इस मौसम में सात राज्यों में बाढ़ और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 774 लोगों की मौत हो गई है। मौसम विभाग ने यूपी, उत्तराखंड, केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, असम, नागालैंड और अरुणाचल प्रदेश समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस बीच बारिश से अमरनाथ यात्रा भी रोक दी गई है। गृह मंत्रालय के एनईआरसी के मुताबिक बाढ़ और बारिश के कारण केरल में 187, उत्तर प्रदेश में 171, पश्चिम बंगाल में 170 और महाराष्ट्र में 139 लोगों की जान गई है। आंकड़ों में कहा गया है कि गुजरात में 52, असम में 45 और नागालैंड में आठ लोगों की मौत हुई है। केरल में 22 और पश्चिम बंगाल में पांच लोग लापता भी हैं। राज्यों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में 245 लोग जख्मी हुए हैं। बारिश और बाढ़ की विभीषिका से महाराष्ट्र के 26, असम के 23, पश्चिम बंगाल के 22, केरल के 14, उत्तर प्रदेश के 12, नागालैंड के 11 और गुजरात के दस जिले सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। असम में एनडीआरएफ की 15, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल में आठ-आठ, गुजरात में सात, केरल में चार, महाराष्ट्र में चार और नागालैंड में एक टीम को तैनात किया गया है।

केरल में 8316 करोड़ का नुकसान

केरल में हालात में आंशिक सुधार के बावजूद रविवार को हुई बारिश से मुश्किल बरकरार है। बाढ़ से राज्य में मृतकों की तादाद अब 39 पहुंच गई है। रविवार को इडुक्की में 20.86 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं, बाढ़ की वजह से राज्य में 8316 करोड़ का नुकसान हुआ है। सीएम का कहना है कि 8316 करोड़ की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि दस हजार किमी से ज्यादा सड़कें बर्बाद हो गई हैं।

जम्मू-कश्मीर  में भी अलर्ट

जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की वजह से लोगों को दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। रविवार को जम्मू से करीब 12 किलोमीटर दूर मछलियान गांव में भारी बारिश के बाद बाढ़ की वजह से एक घर की दीवार गिर गई।

उत्तराखंड बेहाल

उत्तराखंड भी बारिश से बेहाल है। हरिद्वार, पिथौरागढ़, रुड़की और नैनीताल में भारी बारिश हुई है। वहीं, बारिश की वजह से राजधानी देहरादून में 12वीं तक के स्कूलों को बंद कर दिया गया है। रविवार रात लामबगड़ में भारी बारिश के बाद भू-स्खलन होने से चट्टान का एक हिस्सा सड़क पर गिर गया, जिसके बाद बद्रीनाथ नेशनल हाई-वे पर यातायात रोक दिया गया।