अनुषा जोशी को टॉप-12 में पहुंचाएगा आपका वोट

नौणी— ‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ के विभिन्न इवेंट से निकलकर हिमाचली कलाकार देश भर में प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।  इसी कड़ी में मीडिया ग्रुप के लोकप्रिय इवेंट ‘हिमाचल की आवाज’ से निकली अनुषा जोशी एंड टीवी पर प्रसारित हो रहे रियलिटी शो ‘लव मी इंडिया’ के टॉप-20 में पहुंच चुकी हैं। अब अनुषा को टॉप-12 में जगह बनाने के लिए हिमाचलवासियों के वोट की जरूरत है। सोलन की ओच्छघाट पंचायत की रहनेवाली अनुषा जोशी हिमाचल की एकमात्र कलाकार हैं, जिसका चयन इस शो में हुआ है। इस शो में निर्णायक मंडल की भूमिका म्यूजिक निर्देशक हिमेश रेशमिया, मशहूर गायक गुरु रंधावा व नेहा बसीं निभा रहे हैं। ‘दिव्य हिमाचल’ ने अनुषा जोशी को ‘सोलन की आवाज’ के पुरस्कार से नवाजा था।  अनुषा के पिता रवि जोशी व माता शालु जोशी ने बताया कि ‘दिव्य हिमाचल’ ने अनुषा के टेलेंट को निखारा। मीडिया ग्रुप ने अनुषा को उचित मंच प्रदान कर उसे प्रतिभा दिखाने का मौका दिया। उन्होंने कहा कि हिमाचलवासियों का आशीर्वाद ही अनुषा को रियलिटी शो ‘लव मी इंडिया’ में आगे बढ़ा सकता है।

इस तरह करें वोट

अनुषा जोशी के माता-पिता ने सभी हिमाचलियों से अपील की है कि वे अनुषा को ज्यादा से ज्यादा वोट देकर टॉप-12 में पहुंचाएं। इसके लिए आप प्ले स्टोर से जी-5 ऐप डाउनलोड वहां अनुषा को वोट कर सकते हैं। इस रियलिटी शो में देश भर के गायक भाग ले रहे हैं।

प्ले बैक सिंगर बनना सपना

‘दिव्य हिमाचल मीडिया ग्रुप’ से विशेष बातचीत में अनुषा ने बताया कि उनका चयन इस शो के लिए हुआ है। उन्होंने चंडीगढ़ व मुंबई ऑडिशन राउंड क्लीयर कर टॉप-20 में जगह बनाई है। अनुषा का सपना प्ले बैक सिंगर बनने का है, जिसके लिए वह कड़ी मेहनत कर रही हैं। उन्होंने अपनी कामयाबी का श्रेय माता-पिता व गुरुजनों को दिया। अनुषा ने बताया कि ‘हिमाचल की आवाज’ में भाग लेकर उन्होंने काफी कुछ सीखा, जिसकी बदौलत आज वह इस मुकाम पर पहुंची हैं।