एमपी-छत्तीसगढ़-राजस्थान में कांग्रेस को मिलेगा बहुमत

नई दिल्ली— राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इन तीनों ही राज्यों में अभी बीजेपी की सरकार है। एबीपी न्यूज चैनल- सी वोटर का ओपनियन पोल मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में किया गया है। इसमें किए गए चुनाव पूर्व सर्वे में मध्यप्रदेश में कांग्रेस को बढ़त होना बताया गया है। भाजपा को 106, कांग्रेस 117 व अन्य को सात सीटें मिलने का अनुमान है। सर्वे में बताया गया है कि कांग्रेस को 42 प्रतिशत, भाजपा को 40 प्रतिशत और अन्य को 18 प्रतिशत वोट मिलेंगे। जनता ने मुख्यमंत्री पसंद के लिए शिवराज सिंह को 42 प्रतिशत, ज्योतिरादित्य को 30 प्रतिशत और कमलनाथ को सात प्रतिशत वोट दिया है। मध्यप्रदेश में प्रधानमंत्री के लिए नरेंद्र मोदी को 54 प्रतिशत, राहुल गांधी को 25 प्रतिशत, 21 प्रतिशत अन्य को पसंद किया गया है। सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ में 15 साल पुरानी बीजेपी की रमन सरकार को बड़ा झटका लग सकता है। बीजेपी को 2013 के मुकाबले 16 सीटों का नुकसान, वहीं कांग्रेस को 15 सीटों के फायदे का अनुमान है। सर्वे के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को 33, कांग्रेस को 54 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं। 2013 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 49 सीटें, कांग्रेस को 39 और अन्य को दो सीटें मिली थीं। इसमें मुख्यमंत्री चेहरे में रमन सिंह को सबसे ज्यादा पसंद किया गया है। उनको 34 प्रतिशत वोट मिले हैं। वहीं अजीत जोगी को 17 प्रतिशत वोट मिले हैं। राजस्थान में भाजपा को 57 सीटें और कांग्रेस को 130 सीटें और अन्य को 13 सीटें मिलने का दावा किया गया है। राजस्थान में मुख्यमंत्री चेहरे के लिए अशोक गहलोत पहले पसंद बनी हुई है। इनको 41 प्रतिशत वोट मिले हैं। वसंधुरा राजे को 24 प्रतिशत वोट मिले हैं। सचिन पायलट को 18 प्रतिशत वोट प्राप्त किए हैं। इसमें सबसे बड़ी खबर यह है कि तीनों राज्यों में प्रधानमंत्री के प्रबल दावेदार नरेंद्र मोदी को ही बताया गया है।