काला-अंब में पकड़ा शार्प शूटर

आरोपी ने कबूल किया तेरह हत्याओं का गुनाह

नारायणगढ़ – 13 मई 2018 को गांव महुआखेड़ी के रंधीर सिंह हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने काला अंब से शार्प शूटर विकास उर्र्फ विकी निवासी बागपत, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है। विकास ने उत्तर प्रदेश और हरियाणा राज्य में 13 क्रूर हत्याओं की वारदातों को कबूल किया है। पुलिस ने उसे नारायणगढ़ के गांव महुआखेड़ी के रणधीर सिंह के हत्या मामले में गिरफ्तार किया है। रंधीर सिंह की उस समय गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपने परिवार को नखड़ौली गांव स्थित राधा स्वामी सत्संग में छोड़कर वापस आ रहा था। पुलिस द्वारा विकास के कब्जे से तीन पिस्टल 32 बोर, एक कार्बाइन, 15 जिंदा कारतूस और एक बुलेटप्रूफ जैकेट को बरामद किया गया है। इस मामले में मुख्यआरोपी मोहित उर्फ मेंटल अभी फरार है। बतां दें कि 13 मई को रंधीर सिंह की हत्या की गई थी। 13 मई को महुआखेडी के गुरदीप हत्याकांड के मुख्य गवाह 40 वर्षीय युवक रंधीर को कार सवार हत्यारों ने गोलियों से भून कर हत्या कर दी थी। मृतक रंधीर नारायणगढ़ पुलिस में कई बार इस बारे में शिकायत दे चुका था कि उसे गुरदीप के हत्यारों से जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।इस मामले में पांच आरोपियों में से चार आरोपी अदालत से जमानत पर रिहा थे। इस बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी अमित भाटिया ने बताया कि यह पुलिस की एक बड़ी सफलता है। रंधीर सिंह हत्याकांड नारायणगढ़ क्षेत्र का एक बड़ा मामला था। पुलिस काफी समय से इस मामले को देख रही थी।विकास उर्फ विकी को अभी चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। इसके अलावा इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।