नौसेना को मिलेंगे अत्याधुनिक स्वेदशी गश्ती जहाज

नई दिल्ली — समुद्री निगरानी को पुख्ता तथा चाक चौबंद बनाने के उद्देश्य से सरकार ने 4941 करोड़ रुपए की लागत से नौसेना के लिए देश में ही बने छह अत्याधुनिक गश्ती जहाज खरीदने का निर्णय लिया है। रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में सोमवार को हुई रक्षा खरीद परिषद की बैठक में इस निर्णय को मंजूरी दी गई। रक्षा मंत्रालय के अनुसार ये जहाज देश के शिपयार्डों में ही बनाए जाएंगे और इनमें अत्याधुनिक तथा अधिक रेंज के सेंसर लगाए जाएंगे। इन जहाजों की तैनाती से नौसेना समुद्र और तटवर्ती क्षेत्रों में कई तरह के अभियानों को मजबूती तथा प्रभावशाली ढंग से अंजाम दे सकेगी।